गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में सदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) को एलिवेटेड बनाया जाएगा और मार्च 2026 से इसपर काम शुरू कर दिया जाएगा. इस सड़क मार्ग के एलिवेटेड बनने से साईबर सिटी के लोगों को ट्रैफिक जाम के झंझट से छुटकारा मिलेगा. साथ ही, प्रदुषण स्तर को कम करने में मदद मिलेगी.
ट्रैफिक संचालन होगा सुगम
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने यह जानकारी देते हुए आगे बताया कि 2027 तक इस सड़क मार्ग को एलिवेटेड तैयार कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि SPR के एलिवेटेड बनने के बाद दिल्ली- जयपुर हाइवे (NH- 48) से वाहन कुछ ही मिनटों में गांव घाटा के नजदीक गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड पर चले जाएंगे. इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने में बड़े स्तर पर मदद मिलेगी.
जल्द पूरा करेंगे प्रोजेक्ट
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने बताया कि फिलहाल इस रूट पर भारी वाहनों का काफी दबाव हैं क्योंकि बड़ी संख्या में वाहन इस रोड से होकर गुजरने लगे हैं. इस प्रोजेक्ट पर वह लगातार नजर बनाए हुए हैं, ताकि जल्द- से- जल्द इसे पूरा कर लोगों को राहत पहुंचाई जा सकें. अरावली में विकसित किए जाने वाले जंगल सफारी पार्क के बारे में उन्होंने कहा कि इससे साईबर सिटी की पूरी दुनिया में पहचान मजबूत होगी.
उन्होंने लोगों से कहा कि वे समस्याओं से अवगत कराते रहें ताकि उनके ऊपर काम हो सके. बता दें कि कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह रविवार को गुरुग्राम दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने सुशांत लोक- 2 एवं 3 में पार्कों के सौंदर्यीकरण कार्य का शुभारंभ किया.
