खेल मैदान से हरियाणा के लिए गौरवमई खबर, U19 एशिया कप में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए खेलेगा कनिष्क चौहान

सिरसा | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. अच्छी खबर यह है कि दुबई में होने वाले U-19 क्रिकेट एशिया कप के लिए सिरसा जिले के कनिष्क चौहान का भारतीय क्रिकेट टीम में चयन हो गया है. कनिष्क आलराउंडर खिलाड़ी हैं, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों करते हैं.

Kanish Chauhan

आलराउंडर प्रदर्शन करते हैं कनिष्क

सिरसा क्रिकेट एसोसिएशन के जिला सचिव डॉ. वेद बेनिवाल ने बताया कि कनिष्क का चयन एशिया कप के लिए हुआ है और इस बात की बेहद खुशी है. उसने शाह सतनाम क्रिकेट स्टेडियम में क्रिकेट का प्रशिक्षण हासिल किया है. यहां स्टेट व नेशनल स्तर पर जाने के लिए हर तरह की सुविधा उपलब्ध है. इससे पहले कनिष्क भारतीय क्रिकेट टीम में बतौर खिलाड़ी इंग्लैंड व आस्ट्रेलिया में खेल चुका है.

एशिया कप में चयनित होने पर खुशी जाहिर करते हुए कनिष्क चौहान ने बताया कि सबसे पहले इंग्लैंड टूर हुआ था और उसी दौरे पर अच्छे प्रदर्शन की बदौलत आस्ट्रेलिया के दौरे पर जगह मिली थी. यहां चैलेंज ट्राफी और अफगानिस्तान के साथ हुए मैचों में दमदार खेल की बदौलत एशिया कप में जगह मिली है. कनिष्क ने बताया कि एशिया कप में 14 दिसंबर को पाकिस्तान के साथ मैच खेला जाएगा. उन्होंने बताया कि न केवल इस मैच में बल्कि एशिया कप में जीत हासिल कर क्रिकेट प्रेमियों को शानदार तोहफा दिया जाएगा.

यह भी पढ़े -  सिरसा दौरे पर सुशील गुप्ता, संगठन से लेकर मोदी के जींद दौरे तक कई मुद्दों पर होगी बड़ी बात

रोजाना 3 घंटे करते हैं अभ्यास

कनिष्क चौहान शाह सतनाम कॉलेज में बीए सेकेंड ईयर के स्टूडेंट हैं. उन्होंने 2015 में शाह सतनाम क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास करना शुरू किया था और रोजाना लगातार 3 घंटे तक अभ्यास करते हैं. उन्होंने इंग्लैंड में आयोजित हुई 5 एकदिवसीय क्रिकेट मैचों में भारत की U- 19 क्रिकेट टीम में खेलते हुए बल्ले से 114 रन बनाए थे और गेंदबाजी में 8 विकेट चटकाकर बेस्ट आलराउंडर ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया था.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.