गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और NCR क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में दिल्ली के सराय काले खां से वाया गुरुग्राम होते हुए रेवाड़ी के बावल तक नमो भारत ट्रेन का संचालन किया जाएगा. इस प्रोजेक्ट पर मार्च 2026 से काम शुरू किया जाएगा. वहीं, ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के दूसरे चरण का निर्माण कार्य का टेंडर आवंटित कर दिया जाएगा. यह बात विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने के पश्चात सीएम नायब सैनी ने कही.
रेवाड़ी एम्स में मिलेगी यह सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि रेवाड़ी में निर्माणाधीन माजरा एम्स में बिजली और पानी की समस्या को बहुत जल्द दूर किया जाएगा. बिजली आपूर्ति सितंबर 2027 तक शुरू कर दी जाएगी और अगले साल मार्च तक दीवाना डिस्ट्रीब्यूटरी से जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी. इससे पहले पाली गांव में बोरवेल करके अस्थाई तौर पर एम्स तक पानी पहुंचाया जाएगा. यमुनानगर, कैथल, पानीपत, जींद, भिवानी, महेन्द्रगढ़ और भिवानी के स्वास्थ्य संगठनों में जल्द ही बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी.
गुरुग्राम में बनेगा इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर
सीएम ने बताया कि गुरुग्राम में इंटरनेशनल लेवल का कन्वेंशन सेंटर तैयार किया जाएगा. इस संबंध में जमीन तलाशने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) को आदेश दिया गया है. इसके निर्माण से लोगों की सुविधाओं में इजाफा होगा. फरीदाबाद के सेक्टर- 78 में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कार्य फरवरी 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा.
उन्होंने बताया कि फरीदाबाद शहर में गर्मियों मे पानी की किल्लत नहीं रहेगी. इसके लिए 12 रेनीवेल ट्यूबवेल लगाए जा रहे हैं. जून 2026 तक 6 ट्यूबवेल लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा. नांगल चौधरी में लोजिस्टिक हब बनाया जाएगा. हिसार में लोजिस्टिक हब बनाने का काम शुरू हो चुका है.
महिला हॉस्टल की मिलेगी सौगात
हरियाणा के मुख्यमंत्री ने बताया कि रेवाड़ी और गुरुग्राम में कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाए जाएंगे. फरीदाबाद के सेक्टर- 78 में महिला हॉस्टल निर्माणधीन है. इसी तरह के हॉस्टल सोनीपत और पानीपत में भी बनाए जाएंगे. पंचकूला में महिला हॉस्टल के संचालन के निर्देश दिए गए हैं.
