गुरुग्राम | हरियाणा की नायब सैनी सरकार में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह सोमवार को गुरुग्राम शहर के विभिन्न हिस्सों के व्यापक निरीक्षण पर पहुंचे थे. इस दौरान उनके साथ गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA), गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL), नगर निगम गुरुग्राम, HSVP और HSIIDC के सीनियर अधिकारी उपस्थित रहे.
मोबिलिटी प्लान तैयार
केंद्रीय मंत्री राव नरबीर सिंह के निरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत हीरो होंडा चौक से हुई जहां उन्होंने फ्लाईओवर की मरम्मत, मेट्रो निर्माण से पहले की तैयारियां और ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान की समीक्षा की. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले ट्रैफिक डायवर्जन और विस्तृत मोबिलिटी प्लान तैयार किया जाए, ताकि आमजन को परेशानी से बचाया जा सके और ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने में मदद मिल सके.
उन्होंने उमंग भारद्वाज चौक से गाड़ौली गांव तक सड़क का निरीक्षण किया गया. जहां उन्होंने सड़क मार्ग की चौड़ाई बढ़ाने, मजबूती और प्रभावी जलनिकास व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्य से पहले अतिक्रमण हटाना बेहद जरूरी है. गाड़ौली गांव में बादशाहपुर ड्रेन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने ड्रेन को पक्का करने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. प्रदुषण नियंत्रण बोर्ड को सख्त निर्देश दिए कि सख्त निगरानी रखें ताकि कोई औद्योगिक इकाई ड्रेन में प्रदुषित पानी न छोड़ें.
स्लिप रोड का होगा निर्माण
शहर के प्रमुख चौराहों, सेक्टर-7 व 9, पालम विहार और कृष्णा चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लेते हुए कैबिनेट मंत्री ने पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर स्लिप रोड निर्माण को प्राथमिकता देने को कहा. सेक्टर- 10 में प्रस्तावित मेट्रो रूट के निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण हटाने और तकनीकी तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए.
सेक्टर- 22 स्थित ताऊ देवीलाल पार्क के पास निरीक्षण करते हुए उन्होंने वैकल्पिक मार्ग सुनिश्चित करने और पार्क के सुंदरीकरण के लिए सीएसआर फंड के उपयोग की बात कही. दौरे के अंतिम चरण में राव नरबीर ने एयर फोर्स स्टेशन के सामने ड्रेन निर्माण कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर देने पर बल दिया.
