कुरूक्षेत्र | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी शनिवार को धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के दौरे पर पहुंचे थे, जहां उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र लाडवा के 10 से ज्यादा गांवों का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना और उनका मौके पर ही समाधान करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए.

जरूरतमंद लोगों को मिलेंगे प्लाट
लाडवा विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर पहुंचे सीएम नायब सैनी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के भूमिहीन जरूरतमंद 7 हजार लोगों को सरकार की ओर से जल्द ही 100- 100 गज के प्लाट वितरित किए जाएंगे. इन प्लाट धारकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ जोड़कर मकान निर्माण के लिए निर्धारित आर्थिक सहायता राशि दी जाएगी.
भूमिहीन परिवारों को जल्द मिलेंगे प्लाट!
“प्रदेश के भूमिहीन एवं जरूरतमंद परिवारों को सरकार द्वारा शीघ्र ही 100-100 गज के प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। इन 7 हजार प्लॉटधारक परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना से भी जोड़ा जाएगा, जिसके अंतर्गत उन्हें मकान निर्माण के लिए निर्धारित वित्तीय…
— DPR Haryana (@DiprHaryana) December 20, 2025
CM सैनी ने बताया कि इसी तरह मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत करीब साढ़े 15 हजार परिवारों को 30- 30 गज के प्लाट वितरित करने का काम हमारी सरकार द्वारा किया गया है. बहुत जल्द शहरी आवास योजना के तहत योग्य आवेदकों को दूसरी किस्त के रुप में 30- 30 गज के प्लाट दिए जाएंगे.
विकास कार्यों के लिए जारी किया पैसा
सीएम ने बताया कि महाग्राम विकास योजना के तहत गांवों को जोड़कर नई सीवरेज लाइन बिछाई जा रही है, ताकि ग्रामीण इलाकों में भी शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके.
उन्होंने प्रह्लादपुर में विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपये, हॉल निर्माण के लिए 11 लाख रुपये व गांव में पीने के पानी की पाइपलाइन दबाने के लिए 46 लाख रुपये की अनुदान राशि भी देने की घोषणा की. अपने इस दौरे पर एक बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब 1.40 लाख रुपए सालाना आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ मिलेगा.