कुरूक्षेत्र | हरियाणा की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से आमजन के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. बता दें कि शहर में रिंग रोड निर्माण कार्य को बहुत जल्द धरातल पर अमलीजामा पहनाया जाएगा, जिसके बाद शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने में मदद मिलेगी. लंबे समय से लोग कुरूक्षेत्र शहर में रिंग रोड की मांग कर रहे थे, जो अब जाकर पूरी हो रही है.
इस रिंग रोड के निर्माण से पंजाब की ओर से उत्तर प्रदेश और उत्तर प्रदेश की ओर से पंजाब के लिए आवाजाही करते हैं, उन्हें भी बड़े स्तर पर इसका फायदा मिलेगा. ये लोग बिना ट्रैफिक जाम में फंसे कम समय में अपने गंतव्य स्थान की ओर बढ़ सकेंगे.
पूर्व मंत्री ने दी जानकारी
कुरूक्षेत्र विधानसभा क्षेत्र से पूर्व बीजेपी विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने बताया कि कुरूक्षेत्र शहर में जल्द ही रिंग रोड का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा एजेंसी हायर कर ली गई है. ऐसे में उम्मीद जगी है कि जल्द ही रिंग रोड का निर्माण कार्य शुरू होने जा रहा है.
पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा ने बताया कि कुरूक्षेत्र में जो रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है, वह कुरूक्षेत्र- यमुनानगर, लाडवा और पिहोवा के 3 राष्ट्रीय राजमार्ग को आपस में जोड़ने का काम करेगा. यह बाईपास NH- 44, NH- 344, NH- 152D और MDR- 118 को कनेक्टिविटी प्रदान करेगा, जिससे लाखों लोगों को राहत पहुंचेगी. जल्द ही, जमीन अधिग्रहण प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
जो लोग कुरूक्षेत्र से कैथल और यमुनानगर के लिए सफर करते हैं, उनकी यात्रा के समय में कमी आएगी और ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा क्योंकि शहर का ट्रैफिक रिंग रोड पर डायवर्ट हो जाएगा. उन्होंने बताया कि 23 किलोमीटर लंबे इस बाईपास के निर्माण पर 750 करोड़ रुपए की लागत राशि खर्च होगी- सुभाष सुधा, विधायक
