गुरुग्राम | ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़ी एक नई अपडेट सामने आई है. यहां गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर मेट्रो रूट और एलिवेटेड रोड का निर्माण एक ही पिलर पर किया जाएगा. गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने सेक्टर- 56 से पंचगांव तक प्रस्तावित मेट्रो की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) में बदलाव की सिफारिश की हैं. इसमें नए फ्लाईओवर के ऊपर से मेट्रो संचालन पर जोर दिया गया है. HMRTC ने इस सिलसिले में रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनोमिक सर्विस (राइट्स) से पक्ष मांगा है.
CM ने जताई थी सहमति
पिछले महीने सीएम नायब सैनी की अध्यक्षता में गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड को लेकर एक बैठक बुलाई गई थी, जिसमें फैसला लिया जाना था कि गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड पर अंडरपास बनाया जाए या फिर फ्लाईओवर का निर्माण हो. सीएम ने आदेश जारी किया था कि इस रोड पर घाटा चौक से लेकर वाटिका चौक तक एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाए. अब इस एलिवेटेड कॉरिडोर का डिजाइन तैयार करने के लिए GMDA ने एक सलाहकार कंपनी को जिम्मेदारी सौंपी हैं.
GMRL ने दिल्ली, बेंगलुरु और जयपुर जैसे बड़े शहरों की तर्ज पर इस सड़क मार्ग पर एलिवेटेड रोड और मेट्रो का निर्माण एक पिलर पर करने की सिफारिश की है. इसके मुताबिक, रोड के ऊपर एलिवेटेड कॉरिडोर बनेगा और एलिवेटेड कॉरिडोर के ऊपर मेट्रो ट्रैक तैयार किया जाएगा. इससे प्रोजेक्ट की लागत में कमी आएगी और साथ ही करीब 9 मीटर जमीन बचेगी, जिसका इस्तेमाल भविष्य में सड़क की चौड़ाई बढ़ाने में किया जा सकेगा.
यह रहेगा रूट
राइट्स की तरफ से तैयार DPR के मुताबिक, सेक्टर- 56 से लेकर पंचगांव तक मेट्रो रूट कुल 36 किलोमीटर लंबा होगा. गोल्फ कोर्स रोड पर सेक्टर- 56 स्थित रैपिड मेट्रो के स्टेशन से इसकी शुरुआत होगी. इसके बाद, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड और एसपीआर से होते हुए पचगांव तक मेटो का संचालन किया जायेगा. इसके तहत, 28 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे.
