खुशखबरी: गुरुग्राम शहर से छू- मंतर होगा ट्रैफिक जाम, इन जगहों पर बनेंगे 3 नए फ्लाईओवर

गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर को ट्रैफिक जाम के जंजाल से मुक्ति दिलाने की कवायद शुरू हो गई है. इसके लिए यहां 3 प्रमुख सड़कों पर एलिवेटेड कॉरिडोर (फ्लाईओवर) का निर्माण किया जाएगा. इन प्रोजेक्ट्स पर लगभग 1390 करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होने का अनुमान जताया गया है.

Flyover Bridge 2

इन सड़कों पर बनेंगे एलिवेटेड कॉरिडोर

गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) की ओर से बताया गया है कि 15 जनवरी तक डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए टेंडर जारी कर दिए जाएंगे. प्रस्तावित योजना के तहत, राजीव चौक से ओल्ड रेलवे रोड होते हुए चिंतपूर्णी मंदिर के पास से सेक्टर- 5 और 6 की मुख्य सड़क तक करीब 7.4 किलोमीटर लंबे फोरलेन एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा.

दूसरा एलिवेटेड कॉरिडोर अतुल कटारिया चौक से गांव डूंडाहेड़ा (दिल्ली- गुरुग्राम बार्डर) सड़क मार्ग पर करीब 5 किलोमीटर लंबा बनेगा. वहीं, महाराणा प्रताप चौक से इफको चौक तक 1.4 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा.

ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा

इन तीनों एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य पूरा होने पर ओल्ड गुरुग्राम से बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम को कम करने में मदद मिलेगी. खासतौर पर एमजी रोड पर महाराणा प्रताप चौक के आसपास अतिक्रमण की वजह से लगने वाले ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा. वर्तमान में सुखराली गांव के पास सड़क के दोनों ओर भारी अतिक्रमण के चलते वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के प्रमुख चौकों का होगा सौंदर्यीकरण, चंडीगढ़ जैसी दिखेगी तस्वीर

पीक आवर्स के दौरान राजीव चौक से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली रोड पर भयंकर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है, जिसे पार करने में खासी मशक्कत करनी पड़ती है. इसी रूट पर सदर बाजार होने के चलते जाम की स्थिति और ज्यादा खतरनाक हो जाती है. ऐसे में एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण होने के बाद लंबी दूरी के वाहन ऊपर से निकल सकेंगे जिससे नीचे की सड़कों पर ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने में मदद मिलेगी. इससे आसपास की कालोनियों को भी राहत मिलेगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.