गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर से वाहन चालकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है. यहां बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती से निपटने की योजना बनाई है जिसके तहत रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों का सिर्फ चालान ही नहीं काटा जाएगा बल्कि FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.
ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा के निर्देशानुसार अब गलत दिशा में वाहन चलाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा. इस सख्ती से ट्रैफिक नियमों के उल्लघंन पर रोक लगेगी जिससे लोगों को सुरक्षित सफर का अनुभव मिलेगा. इस अभियान से सड़क अनुशासन में सुधार आएगा और दुर्घटनाओं की संख्या में कमी आएगी.
दिल्ली से सटे इस शहर में निगरानी
इस अभियान को सफल बनाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की टीमें शहर की प्रमुख सड़कों, चौराहों और हाइवे पर विशेष निगरानी रखेगी. ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ ऑन द स्पॉट ही सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी. आज रॉन्ग साइड से ड्राइविंग सड़क दुघर्टनाओं का एक बड़ा कारण बनता जा रहा है जिसपर नियंत्रण बहुत आवश्यक है.
उन्होंने बताया कि गलत लेन में वाहन चलाना, अचानक लेन बदलना और गलत दिशा में वाहन चलाना न केवल वाहन चालक के लिए बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है. इससे दुर्घटना की आंशका कई गुना बढ़ जाती है.
सख्ती बरतना जरूरी
ट्रैफिक डीसीपी डॉ राजेश ने कहा कि रॉन्ग साइड में वाहन चलाने से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के मामले लगातार बढ़ते ही जा रहे हैं. हादसों को रोकने और ट्रैफिक जाम से बचाव के लिए इस तरह के सख्त और महत्वपूर्ण फैसले लेना बेहद जरूरी हो गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य दंड देना नहीं बल्कि आमजन की सुरक्षा को सुनिश्चित करना है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं.
