चंडीगढ़ | हरियाणा की प्रमुख विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने प्रदेश के 3 नगर निगमों पंचकूला, अंबाला सिटी और सोनीपत में होने वाले नगर निगम चुनावों के लिए ताल ठोक दी है. वहीं, सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी (BJP) पहले ही नगर निगम चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है. इन तीनों निगमों में वार्डबंदी का काम अंतिम चरण में है और संभवत फरवरी या मार्च में यहां नगर निगम चुनाव का बिगुल बज सकता है.

सोमवार को चंडीगढ़ में प्रदेश कांग्रेस की एक बैठक बुलाई गई थी जिसमें हरियाणा मामलों के प्रभारी बीके हरिप्रसाद, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला, सांसद कुमारी शैलजा और दीपेंद्र हुड्डा सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे. इस बैठक में निकाय चुनावों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया है.
हरियाणा में पार्टी सिंबल पर चुनाव लड़ने की तैयारी
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, कांग्रेस नेताओं ने तीनों निगमों के चुनावों को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ- साथ जिला अध्यक्षों से भी चर्चा की है और अधिकतर नेताओं ने पार्टी सिंबल पर ही चुनाव लड़ने पर सहमति जताई है. इसके अलावा, पार्टी के कई नेताओं ने मेयर के अलावा वार्ड पार्षद के चुनाव भी पार्टी सिंबल पर लड़ने की इच्छा जाहिर की है.
बेहतर होगी बुनियादी सुविधाएं
कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि बैठक में पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई है. पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी सिंबल पर चुनाव मैदान में उतरने पर सहमति जताई है. कांग्रेस पार्टी इन चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार हैं और जनहित के मुद्दों के साथ जनता के बीच वोटों की अपील करेगी.
उन्होंने कहा कि आज बीजेपी के राज में शहरों के लोग बिजली-पानी, पक्की सड़कें, स्कूल, अस्पताल, पार्क सीवरेज व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर तरस रहे हैं. शहरों में सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है. मानसून सीजन में ज्यादातर शहरों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली थी. इन्हीं बुनियादी सुविधाओं के ढांचे को और ज्यादा बेहतर बनाने के वादे के साथ हमारी पार्टी चुनावी रण में ताल ठोकगी.