गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम से खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां मानेसर नगर निगम के गांव नवादा को खेल स्टेडियम का तोहफा मिला है. साढ़े 5 एकड़ जमीन पर बनने वाले इस स्टेडियम का डिजाइन फाइनल हो चुका है. इस स्टेडियम में खिलाड़ियों को आल वेदर स्विमिंग पूल, इंडोर स्टेडियम, जिम, सिंथेटिक ट्रैक जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी ताकि खिलाड़ी बेहतर तरीके से अभ्यास कर सकें.
गुरुग्राम में विकास परियोजनाओं को लेकर हुई चर्चा
हाल ही में नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने अधिकारियों की एक बैठक बुलाई थी जिसमें इस स्टेडियम के निर्माण को लेकर जानकारी दी गई है. इसके अलावा, बैठक में अन्य सरकारी योजनाओं, पोर्टल पर लंबित शिकायतें, मुख्यमंत्री की घोषणाएं और विकास परियोजनाओं पर खर्च होने वाली बजट राशि को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई है.
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पोर्टल पर पेंडिंग शिकायतों का तुरंत प्रभाव से समाधान किया जाए. शिकायतों के आधार पर सभी शाखा प्रमुखों के साथ हर 15 दिन में समीक्षा करने के आदेश भी दिए गए हैं. स्ट्रीट वेंडिंग जोन में उन्हीं को रेहड़ी लगाकर व्यापार करने का आदेश दिया गया है जिन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के तहत प्राप्त लोन का भुगतान कर दिया है.
कासन गांव के लिए अच्छी खबर
बैठक में सीएम घोषणा के बारे में जानकारी देते हुए अधिकारियों ने आयुक्त को अवगत कराया कि नगर निगम कार्यालय के लिए जमीन की पहचान हो चुकी है. संबंधित विभाग ने निगम को जमीन ट्रांसफर कर दी हैं और आगामी कार्रवाई के लिए मुख्यालय से अनुमति का इंतजार हो रहा है.
गांव कासन में PHC का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है. गांव में नहरी पानी आपूर्ति के लिए काम शुरू हो चुका है. गांव नखड़ौला में प्रस्तावित ऑडिटोरियम के लिए प्राशसनिक अनुमति मिल गई है. निर्माण के लिए बजट की अनुमति मुख्यालय से मांगी गई है.
