खुशखबरी: हरियाणा सरकार की 48 योजनाएं बदलेगी गरीबों की तकदीर, मिलेगा घर और पैसा

चंडीगढ़ | हरियाणा की नायब सैनी सरकार ने नए साल पर अंत्योदय परिवारों के उत्थान के प्रयास तेज कर दिए हैं. गांवों और शहरों में बेघर परिवारों के सिर पर छत, बेहतर शिक्षा और युवाओं को रोजगार के लिए कई कल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा.

Faridabad City Home Ghar Colony

हरियाणा में गरीबों को मिलेंगे घर

प्रदेश सरकार ने 6 लाख गरीब परिवारों के सिर पर छत मुहैया कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है. फैमिली आईडी के अनुसार 1.80 लाख रुपए तक सालाना आमदनी वाले जरूरतमंद परिवारों को मकान निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए की एक्स्ट्रा सब्सिडी राशि का लाभ दिया जाएगा. यदि ऐसे परिवारों के पास घर बनाने के लिए जमीन नहीं है तो वह भी उपलब्ध कराई जाएगी.

महिलाओं के लिए लाडो लक्ष्मी योजना बड़ा आर्थिक सहारा बनेगी. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1100 रुपए बैंक खातों में और 1,000 रुपए की FD की जाएगी. बुजुर्गो, दिव्यांगों और विधवा महिला पेंशन राशि में बढ़ोतरी की जाएगी. बीपीएल सूची में शामिल 35 लाख परिवारों को मुफ्त राशन की सुविधा मिल रही है. 1 लाख रुपए से कम आमदनी वाले परिवारों के सभी सदस्यों को हर साल रोडवेज बसों में 1 हजार किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा का लाभ दिया जा रहा है. अंत्योदय मेलों के माध्यम से गरीब युवाओं को खुद का व्यवसाय शुरू करने के लिए लोन और कौशल प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है. जल्द ही, अंत्योदय मेलों का अगला चरण शुरू होगा.

बेटी की शादी पर आर्थिक सहायता

अंत्योदय परिवार उत्थान योजना में 18 विभागों की 48 योजनाएं शामिल की गई है जिनके लाभ से गरीब परिवार अपनी तकदीर बदल रहे हैं. बीपीएल सूची में शामिल अनुसूचित जाति एवं विमुक्त जाति के परिवारों को कन्या विवाह शगुन योजना के तहत 71 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जा रही है. सभी वर्गों की विधवा, बेसहारा महिलाओं, अनाथ बच्चों जो बीपीएल सूची में शामिल हैं या उनकी सालाना आमदनी 1.80 लाख रुपए से कम हैं उन्हें भी इस योजना के तहत 51 हजार रुपए का शगुन दिया जा रहा है.

अनुसूचित जाति के युवाओं को सूक्ष्म और लघु उद्योग स्थापित करने के लिए प्लाटों की कीमत पर 20% छूट का लाभ मिलेगा. ITI में एडमिशन लेने वाली वे छात्राएं जिनके परिवारों की सालाना आमदनी 3 लाख रुपए से कम हैं प्रत्येक छात्रा को ढाई हजार रुपए की वित्तीय सहायता राशि दी जाएगी. मध्यम और गरीब वर्ग के लोगों के घरों की छत्तों पर रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित किए जा रहे हैं.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 33 नए नायब तहसीलदारों की हुई नियुक्ति

विश्वकर्मा योजना से मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत प्रशिक्षित कारीगरों को 5 हजार रुपए का टॉप- अप दिया जाएगा. प्रत्येक वर्ष 5 हजार युवाओं को AI, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, डेटा एनालिसिस और प्रोग्रामिंग तथा विद्युत वाहन विनिर्माण के क्षेत्र में प्रशिक्षण दिया जाएगा. कक्षा 6 से ही बच्चों को कौशल विकास में निपुण बनाने के लिए कौशल स्कूलों की स्थापना की जाएगी.

श्रमिक सुविधा केंद्र होंगे शुरू

गुरुग्राम, सोहना, पलवल, बावल और सोनीपत में श्रमिक सुविधा केंद्र शुरू किए जाएंगे. चौराहों पर 150 श्रमिक शेड बनाए जाएंगे. NCR में श्रमिकों के लिए किफायती किराए की आवास योजना के रूप में लेबर हॉस्टल बनाए जाएंगे. निर्माण स्थलों पर श्रमिको के बच्चों की पढ़ाई के लिए क्रेच, प्ले स्कूल और साइट स्कूल खोले जाएंगे. मुख्यमंत्री श्रमयोगी प्रतिभावान योजना के तहत श्रमिकों के बच्चों की फीस माफ करने के साथ ही छात्रावास शुल्क, पुस्तकों और कंप्यूटर द्वारा उनकी तकनीकी, व्यावसायिक और उच्च शिक्षा के लिए सहायता दी जाएगी.

वेंचर कैपिटल फंड से मिलेगा फायदा

युवाओं को स्टार्टअप स्थापित करने और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने के लिए इन्क्यूबेशन केंद्रों की स्थापना कर बैंकों, वित्तीय संस्थानों और उद्यम पूंजी निधियों से लोन दिलाया जाएगा. इसके लिए 200 करोड़ रुपए का वेंचर कैपिटल फंड बनाया गया है जिससे युवाओं को 5 करोड़ रुपए तक लागत वाले प्रोजेक्ट्स स्थापित करने में मदद मिलेगी. ज्यादा से ज्यादा युवाओं को रोजगार देने के उद्देश्य से 1 हजार हरहित स्टोर और खोले जाएंगे.

विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं को जर्मन, जापानी, इतालवी जैसी भाषाएं सिखाई जाएगी. 6 लाख रुपए तक सालाना आमदनी वाले परिवारों के युवाओं के लिए फारेन लैंग्वेज सर्टिफिकेशन टेस्ट का खर्च सरकार द्वारा वहन किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.