कुरुक्षेत्र | हरियाणा की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में आयोजित हुएं तीन दिवसीय राष्ट्रीय पशु डेयरी मेले में प्रदेश के अलग- अलग हिस्सों से पहुंचे पशुओं का जलवा देखने को मिला. इस दौरान करीब 49 कैटेगरी में मुकाबलों का आयोजन हुआ जिसमें अंबाला के बिल्लू की मुर्रा नस्ल की भैंस ने सबसे ज्यादा 29 लीटर दूध देकर प्रथम स्थान हासिल किया.

कुरूक्षेत्र में आयोजित हुएं इस पशु मेले में हरियाणा ही नहीं बल्कि पंजाब, UP, राजस्थान और दिल्ली सहित कई अन्य राज्यों के किसान अपने- अपने उन्नत नस्ल के पशुओं गाय, भैंस, झोटा, सांड और घोड़े लेकर पहुंचे थे. आयोजक समिति के महासचिव ने बताया कि अंबाला जिले के साहा क्षेत्र के रहने वाले पशुपालक बिल्लू की मुर्रा नस्ल की भैंस यहां विजेता बनी है और उसके मालिक को इनाम में बुलेट मोटरसाइकिल मिली है. इस भैंस ने सबसे ज्यादा 29.600 किलोग्राम दूध दिया है.
कुरुक्षेत्र पशु मेला
लाडवा के रहने वाले पशुपालक किसान सम्राट सिंह की HF दो दांत वाली बछड़ी ने अपनी कैटेगरी में सबसे ज्यादा 60 लीटर दूध देकर प्रथम स्थान हासिल किया. उन्हें भी इनाम में बुलेट मोटरसाइकिल मिली है. पंजाब के नवांशहर से कुरूक्षेत्र मेले में पहुंचे प्रीतपाल सिंह की HF गाय ने ब्यूटी क्वीन का खिताब जीता हैं. इस पशु मेले में साहीवाल, गिर, राठी, HF और जर्सी नस्ल की गायों के साथ मुर्रा और निली-रावी नस्ल की भैंसें सबके आकर्षण का केंद्र बनी हुई थी. इस दौरान उन्नत नस्ल की गायों की कीमत का अंदाजा 8- 15 लाख रुपए तक आंका गया जबकि उन्नत नस्ल की भैंसों की कीमत 15 से 25 लाख रुपए तक लगाई गई.
बुल जोरावर ने लुटी महफिल
इस पशु मेले में पहुंचा सुनारिया के रहने वाले कर्मबीर सिंह के HF नस्ल के बुल जोरावर ने महफिल में रंग जमाया. करीब 10 फीट लंबे और 1500 किलोग्राम वजनी यह बुल सबके आकर्षण का केंद्र बना हुआ था. मेले में पहुंचे लोग उन्हें देखकर निहारते रहे. मालिक कर्मबीर सिंह ने बताया कि इसके सीमन से अब तक करीब 30 हजार बछड़े और बछड़िया पैदा हो चुकी है. जिससे यह पशुपालकों के बीच चर्चा का विषय बना रहा.
पशु मेले में पहुंचे मारवाड़ी नस्ल के घोड़े भी सुर्खियां बटोर रहे थे. लोग उनके साथ फोटो खिंचवाने को लेकर उत्साहित नजर आ रहे थे. यहां नुकरे घोड़ों के बीच सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इनमें से कुछ घोड़ों की कीमत 1 करोड़ रुपए तक बताई गई.