हरियाणा के इन शहरों के बीच सफर करने वालों के लिए खुशखबरी, मार्च में शुरू होगा नया हाइवे

गुरुग्राम | हरियाणा के एनसीआर क्षेत्र में शामिल शहरों के बीच आवागमन को बेहतर बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुग्राम- पटौदी- रेवाड़ी हाइवे का निर्माण किया जा रहा है. इसका निर्माण कार्य मार्च 2023 में पूरा होना था लेकिन अभी तक लगभग 80% काम ही हो पाया है. नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने अब इस प्रोजेक्ट को पूरा करने की नई डेडलाइन 31 मार्च तय की है.

Highway

हरियाणा में 1 हजार करोड़ रुपए का प्रोजेक्ट

लगभग 46 किलोमीटर लंबे गुरुग्राम और रेवाड़ी को आपस में जोड़ने वाले इस हाइवे के निर्माण पर लगभग 1 हजार करोड़ रुपए की धनराशि खर्च होगी. इस हाइवे पर 25 फ्लाईओवर और अंडरपास बनेंगे. गुरुग्राम में यह हाइवे द्वारका एक्सप्रेस-वे पर सेक्टर-84 के पास से शुरू होकर वजीरपुर से गुजरता हुआ मौजूदा गुरुग्राम- पटौदी- रेवाड़ी सड़क से जुड़ रहा है.

द्वारका एक्सप्रेसवे से वजीरपुर गांव तक लगभग 6 किलोमीटर लंबे हिस्से के निर्माण में कई अड़चनें बनी हुई है. हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) द्वारा अभी तक तुफानी नाले को तोड़ने का काम अधूरा पड़ा है. वहीं, GMDA की सीवर लाइन और ट्रीटेड पानी की पाइपलाइन भी रास्ते में बाधा बनी हुई है और NHAI गत 3 वर्षों से GMDA और HUDA से इन्हें हटाने का अनुरोध करता आ रहा है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के 5 सेक्टरों में दूर होगी पानी की किल्लत, GMDA बिछाएगा नई पाइपलाइन

जल्द पूरा होगा प्रोजेक्ट

वजीरपुर गांव के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर का 70% काम पूरा हो चुका है. कई अन्य फ्लाईओवर का काम अधूरा पड़ा है. NHAI के अधिकारियों को निर्माण कार्य में रूकावटें पैदा न हो, इसके लिए वाहन चालकों को वैकल्पिक रूट्स की सुविधा उपलब्ध करानी थी लेकिन यहां पर भी लापरवाही बरती गई है. जिससे निर्माण कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने में परेशानी झेलनी पड़ रही है.

NHAI के प्रोजेक्ट अधिकारी योगेश तिलक ने बताया कि गुरुग्राम से रेवाड़ी के बीच बन रहे हाइवे के निर्माण कार्य को इसी साल मार्च महीने में पूरा कर लिया जाएगा. इसमें रेलवे ओवरब्रिज और द्वारका एक्सप्रेसवे पर बन रहा फ्लाईओवर शामिल नहीं है. इनका निर्माण कार्य जून तक पूरा होगा. इसके अलावा हाईटेंशन पॉवर लाइन शिफ्ट की जा रही है. बहुत जल्द सभी कार्यों को पूरा कर लोगों को नए हाइवे की सौगात दी जाएगी जिससे उनकी यात्रा आरामदायक व सुरक्षित हो जाएगी.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.