गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड पर ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने की कवायद शुरू हो गई है. यहां ट्रैफिक पुलिस द्वारा किए गए अध्ययन में पाया गया है कि यदि ग्वाल पहाड़ी पुलिस चौकी के नजदीक गुरुग्राम से दिल्ली और दिल्ली से फरीदाबाद जाने के लिए स्लिप रोड तैयार कर ली जाए तो ट्रैफिक जाम का झंझट खत्म हो सकता है.
दिल्ली- NCR को ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा
गुरुग्राम मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (GMDA) के सीईओ ने बताया कि यहां स्लिप रोड निर्माण की संभावनाओं को तलाशा जाएगा. रोजाना इस सड़क मार्ग पर दोनों दिशाओं में खासतौर पर पीक आवर्स के दौरान भयंकर ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ता है. कई बार तो हालात ऐसे खराब हो जाते हैं कि इस सड़क मार्ग को पार करने में 1 घंटे से ज्यादा का समय लग जाता है. यहां घाटा टी- प्वाइंट से ट्रैफिक जाम लगना शुरू होता है जो फरीदाबाद रोड पर हनुमान मंदिर तक रहता है.
GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने बताया कि गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड पर ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने और जाम से निजात दिलाने के लिए जहां पर भी स्लिप रोड निर्माण की जरूरत होगी, वहां पर जल्द इस काम को पूरा कर लोगों को राहत प्रदान की जाएगी. इसके अलावा इस रूट पर टोल प्लाजा के नजदीक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएगी ताकि अंधेरे की वजह से होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने में मदद मिल सके.
स्लिप रोड निर्माण की उठी मांग
गुरुग्राम- फरीदाबाद रोड पर रोजाना आवागमन करने वाले लोगों ने बताया कि ग्वाल पहाड़ी पुलिस चौकी के नजदीक यदि स्लिप रोड का निर्माण हो जाता है तो ट्रैफिक जाम से निजात मिल सकती है. इसके बनने से गुरुग्राम से ग्वाल पहाड़ी या दिल्ली और दिल्ली से फरीदाबाद जाने वाले वाहनों को ट्रैफिक सिग्नल पर फंसना नहीं पड़ेगा. इससे ट्रैफिक संचालन बेहतर होगा.
