चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार (Haryana Govt) द्वारा छोटी हाइट वाले लोगों को नए साल की बड़ी सौगात दी गई है. बता दें कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से ऐसे लोगों को बौना भत्ता योजना के तहत हर महीने 3 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि का लाभ दिया जा रहा है. बुजुर्ग, दिव्यांग और विधवा पेंशन की तर्ज पर ही प्रदेश सरकार द्वारा इस योजना का लाभ दिया जा रहा है.

हरियाणा में बुनियादी जरूरतें हो सकेगी पूरी
प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत शारिरिक रूप से बौने लोगों को मासिक भत्ता योजना का लाभ दिया जा रहा है ताकि वे सम्मानपूर्वक अपना जीवन व्यतीत कर सकें और अपनी बुनियादी जरूरतों को पूरा करते हुए समाज की मुख्य धारा से जुड़े रहे. शारिरिक सीमाओं के चलते रोजगार हासिल करने में असमर्थ लोगों के लिए यह योजना वरदान साबित हो रही है.
योजना के लिए पात्रता
- इस योजना का लाभ उठाने वाला व्यक्ति पिछले एक साल से हरियाणा में रह रहा है तथा सिविल सर्जन द्वारा बौना का प्रमाणपत्र जारी किया गया हो जिसमें व्यक्ति की लंबाई 3 फीट 8 इंच और महिला की लंबाई 3 फीट होनी चाहिए.
- आवेदक फॉर्म भरकर व सत्यापित दस्तावेज संलग्न कर ऑनलाइन आवेदन करने उपरांत जिला समाज कल्याण विभाग कार्यालय में जमा कराएं. आवेदन फॉर्म 60 दिन के भीतर स्वीकृत कर दिया जाता है.
सीधे बैंक खाते में जमा होगी राशि
आवेदनकर्ता व्यक्ति को अपने आवेदन पत्र के साथ राशनकार्ड, वोटर आईडी, आधार कार्ड व सिविल सर्जन द्वारा जारी प्रमाणपत्र संलग्न करना होगा. इस योजना के तहत, मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि सीधे लाभार्थी के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की जाती है.