हिसार, Haryana Weather Update | नौतपा में सूर्य देवता आग उगल रहा है. हालत ऐसी है कि देश के सबसे चार गर्म शहरों में हिसार का भी नाम है. गत दिवस हिसार का तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि प्रदेश के दूसरे शहरों का तापमान इसके आसपास भी नहीं था. राजस्थान के चुरू, बीकानेर और बाड़मेर में हरियाणा से अधिक तापमान नोट किया गया.
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 29 मई तक इसी प्रकार से तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेंगी. गर्मी से निजात पाने के लिए लोगों को तरल पेय पदार्थों का सहारा लेना पड़ रहा है. प्रदेश में 23 मई से ही मौसम खुश्क व गर्म बना हुआ है. हल्की गति से पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान लगातार बढ़ रहा है, इसलिए सामान्य से 2 डिग्री अधिक तापमान दर्ज हुआ.
चक्रवात यास की नमी से होगी बारिश
एचएयू यूनिवर्सिटी के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ मदन खिचड़ ने बताया कि 29 मई तक मौसम खुश्क रहने व तापमान में वृद्धि की संभावना है. साइक्लोन यास के 26 मई को उड़ीसा के तटों पर लैंडफाल होकर कमजोर होने से डिप्रेशन बन गया है.
यास के आंशिक प्रभाव से नमी वाली हवाएं बिहार, उत्तर प्रदेश होते हुए 30 मई को हरियाणा पहुंचने की संभावना जताई गई है. इससे प्रदेश में 30 मई रात्रि से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इसके अलावा एक पश्चिमी विक्षोभ जो फिलहाल पाकिस्तान में है. उसके आंशिक प्रभाव से राजस्थान के उपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है. इसके चलते राज्य में 30 मई रात्रि से दो जून के बीच आंशिक बादल, गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है.
