गुरुग्राम में सड़क- सीवर व जलापूर्ति व्यवस्था होगी मजबूत, 142 करोड़ की 25 परियोजनाओं को मंजूरी

गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम शहर और आसपास के विभिन्न गांवों, कॉलोनियां और सेक्टरों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से संबंधित एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां नगर निगम की वित्त एवं संविदा कमेटी की मीटिंग में 142 करोड़ रुपए की 25 प्रमुख परियोजनाओं को के प्रस्तावों को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है जिनमें प्रमुख रूप से सड़कें, सीवरेज, पेयजलापूर्ति व्यवस्था, जल निकासी, स्ट्रीट लाइटें और स्वच्छता ढांचे को मजबूत करने से जुड़ी हुई है.

Sewer Line

गुरुग्राम में इन चीजों की मिलेगी मजबूती

गुरुग्राम शहर की मेयर राजरानी मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में घनी आबादी वाले क्षेत्रों में सालों पुरानी सीवर लाइनों की समस्या को दूर करने के उद्देश्य से 600 मिमी व्यास की पुरानी सीवर लाइनों के पुनर्वास और सुदृढ़ीकरण को मंजूरी प्रदान की गई है. इस योजना से खासतौर पर वार्ड नंबर- 27, सदर बाजार और जैकबपुरा इलाकों को फायदा पहुंचेगा.

सेक्टर- 9, 9A और अन्य जलभराव प्रभावित इलाकों में स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज सिस्टम बिछाने और डिस्पोजल नेटवर्क विकसित करने को मंजूरी दी गई है जिससे मानसून के दौरान जलभराव की समस्या में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है.

वित्त एवं संविदा कमेटी की इस बैठक में कई क्षेत्रों में आरएमसी सड़कों के निर्माण और पुनर्निर्माण के प्रस्ताव पारित किए गए हैं जिनमें धनवापुर रोड, मदनपुरी, सेक्टर- 46, साउथ सिटी-1, सेक्टर- 15 पार्ट- 2 और सेक्टर- 18 में सड़कों की मजबूती और री-कार्पेटिंग से ट्रैफिक संचालन सुगम होगा. राजेंद्र पार्क से धनवापुर चौक तक आरएमसी सड़क के पुनर्निर्माण को भी स्वीकृति दी गई जिससे रोजाना सफर करने वाली हजारों की आबादी को राहत पहुंचेगी.

यह भी पढ़े -  गुरुग्राम के प्रमुख चौकों का होगा सौंदर्यीकरण, चंडीगढ़ जैसी दिखेगी तस्वीर

स्ट्रीट लाइटिंग और स्वच्छता ढांचे का आधुनिकीकरण

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट सिस्टम के आधुनिकीकरण के तहत सीसीएमएस पैनल स्थापित किए जाएंगे, जिससे निगरानी और ऊर्जा दक्षता बेहतर होगी. स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत कई क्षेत्रों में सेकेंडरी कलेक्शन पॉइंट्स के विकास, उन्नयन और सौंदर्याकरण को भी मंजूरी दी गई है. गांव धर्मपुर में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी की स्मृति में अटल पार्क एवं अटल स्मृति केंद्र के विकास कार्य को भी स्वीकृति प्रदान की गई है.

मेयर राजरानी मल्होत्रा ने बताया कि जिन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है वे सीधे तौर पर लोगों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी हैं. सीवर, सड़क, जल निकासी और पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. हमारा प्रयास है कि विकास कार्य गुणवत्ता और तय समयसीमा में पूरे हों ताकि गुरुग्राम एक बेहतर और व्यवस्थित शहर के रूप में आगे बढ़ सकें.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.