हरियाणा में खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी, इस जिले में बनेगा इंटरनेशनल खेल स्टेडियम

पलवल | हरियाणा में खेल सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में सूबे की नायब सैनी सरकार निरंतर प्रयासरत हैं. इसी कड़ी में पलवल जिले से खिलाड़ियों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां गांव बहरौला में प्रस्तावित इंटरनेशनल खेल स्टेडियम के निर्माण के लिए चिह्नित 124 एकड़ जमीन मिलने का रास्ता साफ हो गया है. ग्राम पंचायत ने 33 साल की लीज पर इस जमीन को खेल विभाग को हस्तांतरित कर दिया है.

Stadium Photo

हरियाणा के CM ने की थी घोषणा

स्टेडियम निर्माण के लिए जमीन मिलने का रास्ता साफ होते ही लोक निर्माण विभाग (PWD) ने भी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेज रखी है. वहां से मंजूरी मिलते ही आगे की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा. बता दें कि पिछले साल पलवल में धन्यवाद रैली आयोजित हुई थी जिसमें खेल मंत्री गौरव गौतम की डिमांड पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इंटरनेशनल खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी.

खेल मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि पलवल जिले को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान मिले, इसी दिशा में बहरौला गांव में इंटरनेशनल खेल स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है. इस स्टेडियम में क्रिकेट ग्राउंड, एथलेटिक्स ट्रैक, बैडमिंटन हॉल, फिटनेस एवं रीहैब सेंटर, होटल और रेस्टोरेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी. इस स्टेडियम में 30 से 50 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी.

ग्राम पंचायत ने रखी मांगें

बहरौला गांव की पंचायत ने इस स्टेडियम के लिए जमीन देने को लेकर जिला प्रशासन के सामने कुछ शर्तें रखी थी. गांव के वर्तमान सरपंच ने बताया कि यहां इंटरनेशनल खेल स्टेडियम बनने के बाद ग्रामीणों को बिल्कुल मुफ्त में मैच देखने की सुविधा मिले. स्टेडियम में ग्रुप D कर्मियों की नियुक्ति के समय गांव के युवाओं को वरीयता दी जानी चाहिए.

स्टेडियम में कैंटीन सुविधा का ठेका गांव वालों को मिलना चाहिए. ग्राम पंचायत की इन मांगों की फाइल बनाकर खेल विभाग और लोक निर्माण विभाग ने प्रदेश सरकार के पास भेज दिया है.

इस स्टेडियम का होगा सौंदर्यीकरण

पलवल के एकमात्र जिलास्तरीय सुभाषचंद्र बोस खेल स्टेडियम के सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो गया है. 4.26 करोड़ रुपए की धनराशि से इस स्टेडियम के सौंदर्यीकरण कार्यों में 6 फीट ऊंची चारदीवारी, वाकिंग ट्रैक और फाउंटेन वालीबाल कोर्ट में फेंसिंग लगाना शामिल हैं.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.