फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में 31 जनवरी यानि आज से अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड हस्तशिल्प मेले की शुरुआत हो रही है. इस मेले में वीआईपी आगमन के अलावा देशभर से बड़ी संख्या में लोग शिरकत करेंगे. ऐसे में भीड़- भाड़ की संभावना को देखते हुए फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस द्वारा एडवाइजरी जारी की गई है ताकि मेले में आवाजाही करने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े.
सूरजकुंड मेले की शुरुआत
फरीदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि सूरजकुंड मेले की समयावधि के दौरान यानि 31 जनवरी से 15 फरवरी तक रोजाना सुबह 7 बजे से रात के 12 बजे तक विभिन्न सड़क मार्गों पर भारी और वाणिज्यिक वाहनों की एंट्री पर पूर्णतः रोक लगाई गई है. इनमें पाली से शूटिंग रेंज की ओर, अनखीर से सूरजकुंड की ओर, एनएचपीसी चौक से सूरजकुंड की ओर और प्रह्लादपुर दिल्ली बॉर्डर से सूरजकुंड की ओर जाने वाले मार्ग शामिल है.
इन सड़कों पर केवल आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों जैसे फल- सब्जी, दूध, दवाइयां की आपूर्ति करने वाले वाणिज्यिक वाहनों को ही एंट्री करने की अनुमति रहेगी.
दिल्ली जाने के लिए रूट डायवर्ट
गुरुग्राम की ओर से फरीदाबाद होते हुए दिल्ली जाने वालों को सैनिक कॉलोनी मोड़ से अनखीर चौक होते हुए बड़खल मार्ग से दिल्ली की ओर व सैनिक कॉलोनी मोड़ से प्याली चौक होते हुए बाटा चौक एवं मथुरा रोड के माध्यम से दिल्ली का सफर तय करना होगा. इसके अलावा, प्रह्लादपुर दिल्ली बॉर्डर एवं शूटिंग रेंज की ओर से सूरजकुंड आने वाले वाहन चालक सीधे सूरजकुंड न जाकर बदरपुर बॉर्डर के रास्ते फरीदाबाद में हाईवे से प्रवेश करेंगे.
एनएचपीसी चौक से सूरजकुंड की ओर आने वालों को फरीदाबाद शहर में एंट्री करने के लिए नेशनल हाईवे का इस्तेमाल करना होगा. सूरजकुंड मेले के दौरान वाहन चालकों के लिए किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम 0129- 2267201 या हेल्पलाइन नंबर 112 जारी किया गया है.
