भिवानी के संदीप ने जर्मनी में रच दिया इतिहास, 190 किलोग्राम वजन उठाकर जीत लिया सोना

भिवानी | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. जर्मनी के पोट्सडम शहर में आयोजित हुई दो दिवसीय 5वीं मास्टर वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में जिला भिवानी के गांव झांझड़ा श्योराण के खिलाड़ी संदीप कड़वासरा ने गोल्ड मेडल जीतकर हरियाणा और हिंदुस्तान का गौरव बढ़ाया है. उनकी इस जीत पर परिवार सहित इलाके में खुशी का माहौल बना हुआ है. यार- दोस्त और परिचित एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस जीत को सेलिब्रेट कर रहे हैं.

Sandeep Kadwasara

भिवानी के लाल ने किया कमाल

संदीप कड़वासरा ने 65 किलोग्राम भारवर्ग में हिंदुस्तान का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल 190 किलोग्राम वजन उठाते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. जबकि अमेरिका के खिलाड़ी ने सिल्वर और जर्मनी के खिलाड़ी ने कांस्य पदक जीता. इस इंटरनेशनल चैंपियनशिप में 22 देशों से 200 से ज्यादा पुरुष और महिला खिलाडियों ने भाग लिया था.

जर्मनी से फोन पर बातचीत करते हुए संदीप कड़वासरा ने बताया कि गोल्ड मेडल जीतने की अपार खुशी है. इसके लिए उन्होंने निरंतर कड़ा परिश्रम किया था जिसका परिणाम आज सबके सामने है. अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने ओलंपियन कोच देवव्रत शर्मा, हरियाणा मास्टर वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश श्योराण और कृष्ण ठेकेदार झुपपा को दिया, जिन्होंने उसे सहयोग प्रदान किया.

यह भी पढ़े -  खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, हरियाणा में खेल उपलब्धियों के आधार पर मिली सरकारी नौकरी

घर लौटने पर होगा जोरदार स्वागत

संदीप की इस ऐतिहासिक जीत पर खुशी जाहिर करते हुए इलाके के कई गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की. उन्होंने बताया कि अब संदीप के घर लौटने का इंतजार है. गोल्ड जीतने की खुशी में उनका ढोल-नगाड़ों और फूलमालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया जाएगा.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.