फरीदाबाद | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद में 39वें अंतरराष्ट्रीय सूरजकुंड मेले का आयोजन शुरू हो चुका है. यह मेला 15 फरवरी तक लगेगा. हरियाणा पयर्टन द्वारा आयोजित इस मेले में भारत की समृद्ध हस्तशिल्प व सांस्कृतिक कार्यक्रम और स्वादिष्ट व्यंजनों का प्रदर्शन किया जा रहा है. इस मेले का लक्ष्य भारतीय संस्कृति के साथ-साथ ग्रामीण और शहरी हस्तशिल्प को बढ़ावा देना है.
समारोह पर पारंपरिक और रंग- बिरंगी लाइटों का प्रयोग किया गया है जो मेले को ओर भी आकर्षित लुक देता है. यह मेला भारत की कला और शिल्प की झलक पेश करता है.
पयर्टकों की सुविधा के लिए ऐप
इस मेले में पयर्टकों की सुरक्षा और सुविधाओं को देखते हुए हरियाणा पयर्टन विभाग द्वारा एक ऐप का शुभारंभ किया है, ताकि पयर्टकों को मेले से संबंधित जानकारी इस ऐप पर आसानी से उपलब्ध हो सके. यह ऐप गूगल प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड किया जा सकता है. इस ऐप के जरिए आपको स्टॉलों की लोकेशन की जानकारी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का टाइम, स्वादिष्ट व्यंजन, पार्किंग व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं के बारे में आसानी से पता चल सकता है. इस ऐप की मुख्य बात यह है कि ये ऐप हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है.
स्वादिष्ट व्यंजन खास
39 वां सूरजकुंड मेला इस बार अपने खास सांस्कृतिक कार्यक्रम, सेल्फी प्वाइंट और स्वादिष्ट व्यंजनों के लिए भी खास माना जा रहा है. अगर आप भी मेले में घूमने का प्लान बना रहे है तो हम आपको कुछ ऐसे दिन बताते है, जब आप इस उत्सव का दोगुना मजा ले सकते है. दरअसल, सोमवार से शुक्रवार के बीच यदि आप मेले में घूमने जाते है, तो आपको कम भीड़ मिलेगी जिससे आप स्टालों के बीच में आसानी से घूम- फिर सकते है.
