गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम शहर से लाखों की आबादी के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. यहां भोंडसी गांव की सीता राम मंदिर की भूमि पर 50 करोड़ रुपए की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का निर्माण किया जाएगा. सोमवार को बीजेपी विधायक तेजपाल तंवर एवं गुरुग्राम नगर निगम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने 6 MLD के इस STP के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया.
गुरुग्रामवासियों को समस्या से मिलेगा छुटकारा
इस अवसर पर विधायक तेजपाल तंवर ने कहा कि इस प्लांट के निर्माण से मारुति कुंज की 32 कॉलोनियों के लोगों को गंदे पानी की निकासी की समस्या से निजात मिलेगी. सालों से यहां के लोग इस समस्या को झेल रहे हैं लेकिन अब लोगों को बहुत जल्द राहत पहुंचेगी.
उन्होंने कहा कि मारुति कुंज का स्वरूप बढ़ता जा रहा है. ऐसे में यहां पर विकास कार्यों को प्राथमिकता देना उनका सबसे बड़ा प्रयास रहेगा. यहां बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं. बीजेपी विधायक ने कहा कि STP के निर्माण पर कुछ लोगों ने नाराज़गी ज़ाहिर की हैं लेकिन मैं उनको बताना चाहता हूं कि यह जनहित में हैं. क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए इसका निर्माण किया जा रहा है. विकास के मामले में मारुति कुंज को पीछे नहीं रहने दिया जाएगा.
कई बड़े प्रोजेक्ट्स की मिलेगी सौगात
गुरुग्राम नगर निगम मेयर राजरानी मल्होत्रा ने बताया कि विकास कार्यों के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दिया जाएगा. जनहित के सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाया जाएगा. उन्होंने बताया कि सीता राम मंदिर की करीब 7 एकड़ भूमि हैं जिसपर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट निर्माण के अलावा स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने के लिए डिस्पेंसरी सहित कई अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात दी जाएगी. शहर की आबादी को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं.
