चंडीगढ़ | हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है. इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) ने जल्द ही मतदाता सूची राज्य चुनाव आयोग के पास भेजेगा. राज्य चुनाव आयोग ने ECI को मतदाता सूची उपलब्ध कराने की मांग की थी. सूत्रों का कहना है कि ECI ने मांग स्वीकार कर ली है और जल्द ही मतदाता सूची राज्य चुनाव आयोग को सौंप दी जाएगी. इसके बाद, मतदाता सूची पर आपत्तियां मांगी जाएगी.
हरियाणा में निकाय चुनावों की तैयारी तेज
आपत्तियां दूर करने के बाद चुनाव का शेड्यूल घोषित हो सकता है. संभावना जताई जा रही है कि फरवरी महीने के आखिर तक तारीख तय हो सकती है. चुनाव अप्रैल में ही संभव होंगे. पंचकूला, अंबाला और सोनीपत में नगर निगम चुनाव होने हैं और रेवाड़ी सहित कुछ नगर पालिकाओं के चुनाव होने हैं. कुछ जगह उप- चुनाव भी कराए जाने हैं, जिसको लेकर राज्य चुनाव आयोग तैयारी में जुटा हुआ है. ईवीएम से होने वाले चुनावों को लेकर भी कई बैठकें हो चुकी हैं. अब केवल मतदाता सूची का इंतजार हो रहा है.
राज्य चुनाव आयोग भी इन चुनावों को लेकर तैयारियों में जुटा है. इसमें कितने बूथ होंगे, कितने मतदान कर्मियों या सुरक्षा कर्मियों की जरूरत होगी. कितनी EVM की जरुरत होगी. यही नहीं, आमजन को चुनावों के प्रति आकर्षण बढ़ाने के लिए भी योजना तैयार की जा रही है. राज्य चुनाव आयोग देवेंद्र कल्याण ने इस बाबत हाल ही में कर्मचारियों के साथ बैठकें की हैं. उन्होंने बताया कि चुनावों की तैयारियां शुरू हो चुकी है. मतदाता सूची का इंतजार है, इसके बाद सप्ताह भर में आगे की प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएगी.
BJP ने बुलाई बैठक
हरियाणा BJP ने स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर 12 फरवरी को रोहतक में पार्टी की बैठक बुलाई है. इस बैठक में सभी जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारियों के अलावा स्थानीय निकाय चुनावों से जुड़े मंत्री और पदाधिकारी शिरकत करेंगे. अब तक चुनावों को लेकर तैयारियों का जायजा लिया जाएगा. पार्टी के पास जो भी नाम आए हैं, उन नामों पर मंथन होगा. चुनावों को लेकर आगामी रणनीति भी तैयार की जाएगी. इस बैठक में प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के अलावा पार्टी के अन्य दिग्गज नेता भी शामिल रहेंगे.
कांग्रेस पार्टी भी तैयारियों में जुटी
कांग्रेस पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने बताया कि निकाय चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं की सूची मांगी गई है. इन नामों पर मंथन किया जाएगा. पार्टी के नेताओं के साथ भी नामों को लेकर मंथन होगा, ताकि सबकी सहमति से प्रत्याशी का चयन हो. उसके बाद ही नाम फाइनल किए जाएंगे. इस बाबत पार्टी हाईकमान को भी अवगत कराया जाएगा.
