कुरुक्षेत्र पशु मेले में हांसी की ‘राधा रानी’ ने रचा इतिहास, एक साथ दो खिताब जीतकर हासिल किया 3 लाख रुपए का पुरस्कार

हांसी | हरियाणा की धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में 41वें राज्यस्तरीय पशु प्रदर्शनी मेले का सफलतापूर्वक आयोजन सम्पन्न हुआ जिसमें प्रदेश भर से हजारों की संख्या में पशुपालन अपने उच्च नस्ल के पशुओं को लेकर पहुंचे थे. इस मेले में विजेता पशुओं पर करोड़ों रुपए की धनवर्षा हुई. इसी मेले में हांसी जिले के गांव सिंघवा खास के पशुपालक ईश्वर सिंघवा की मुर्रा नस्ल की भैंस राधा रानी ने फिर महफिल लूटी हैं.

Hansi Radha Rani Cow Buffaloo

हांसी की राधा ने जीता दोहरा खिताब

ईश्वर सिंघवा की भैंस राधा रानी ने एक साथ मिल्क ब्यूटी और ब्रीड चैंपियन का दोहरा खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. बता दें कि पशु प्रदर्शनी में जजों की कमेटी दूध उत्पादन, शारिरिक बनावट, नस्लीय विशेषताओं और संपूर्ण स्वास्थ्य के आधार पर फैसला करती है. इन सभी मानकों पर खरा उतरते हुए राधा रानी प्रथम पुरस्कार जीतने में सफल रही. यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि इससे पहले हरियाणा प्रदेश में किसी भी पशु ने इन दोनों केटेगरी में प्रथम स्थान हासिल नहीं किया था.

राधा रानी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मालिक ईश्वर सिंघवा को 3 लाख 1 हजार का चेक देकर सम्मानित किया. मुख्यमंत्री ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि ऐसे पशुपालक प्रदेश की पशुधन संपदा को नई पहचान दे रहे हैं. वहीं, मुख्यमंत्री के सामने आयोजित रैंप शो में भी राधा रानी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन के खिताब पर कब्जा जमाया.

गांव में छाई खुशियां

ईश्वर सिंघवा ने अपनी इस सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, वैज्ञानिक देखभाल और संतुलित आहार को दिया. उन्होंने बताया कि राधा रानी की विशेष देखभाल की जाती है. वहीं, राधा रानी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ ईश्वर और राधा रानी का जोरदार स्वागत किया. स्थानीय लोगों ने कहा कि यह जीत हरियाणा के पशुपालकों को उच्च नस्ल के पशुपालन के लिए प्रेरित करेगी. यह उपलब्धि हमारे गांव ही नहीं बल्कि पूरे हांसी जिले को गौरवान्वित करने का विषय बन गई है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.