गुरुग्राम | ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़ी एक नई अपडेट सामने आई है. बता दें कि गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) ने इस प्रोजेक्ट के दूसरे चरण के रूट में बदलाव कर दिया है. पहले यह मेट्रो ओल्ड दिल्ली रोड से राव गजराज मार्ग से होते हुए दिल्ली- जयपुर हाईवे स्थित शंकर चौक पहुंचनी थी. अब यह डूंडाहेड़ा के हनुमान मंदिर, राम चौक से होते हुए शंकर चौक तक जाएगी. इससे गांव डूंडाहेड़ा, मौलाहेड़ा के अलावा सेक्टर- 21 और सेक्टर- 22 के लोगों को फायदा पहुंचेगा.
रूट में बदलाव की वजह
GMRL के एक अधिकारी ने बताया कि NCRTC की ओर से दिल्ली के सराय रोहिल्ला से लेकर राजस्थान के बहरोड़ तक प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन को पूर्व में कापसहेड़ा बॉर्डर से ओल्ड दिल्ली रोड, अतुल कटारिया चौक, महाराणा प्रताप चौक से होते हुए दिल्ली- जयपुर हाईवे तक लाना था. इसको ध्यान में रखते हुए ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो की योजना तैयार की गई थी. अब NCRTC ने नमो भारत ट्रेन के रूट में बदलाव कर दिया है. यह दिल्ली- जयपुर हाईवे पर चलेगी. इसी वजह से ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के रूट में भी बदलाव किया गया है.
दूसरे चरण में मेट्रो का रूट पहले सुशील ऐमा मार्ग से ओल्ड दिल्ली रोड और राव गजराज मार्ग होते हुए दिल्ली- जयपुर हाईवे से जुड़ना था. नई योजना के तहत, सुशील ऐमा मार्ग से अब मेट्रो ओल्ड दिल्ली रोड पर गांव डूंडाहेड़ा स्थित हनुमान मंदिर तक जाएगी. इसके बाद राम चौक, उद्योग विहार Phase- 3 और Phase- 5 को विभाजित कर रही मुख्य सड़क से होते हुए शंकर चौक तक जाएगी.
FOB से मिलेगी कनेक्टिविटी
GMRL ने पहले योजना बनाई थी कि रैपिड मेट्रो के साइबर सिटी स्टेशन से सटकर ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का स्टेशन बनाया जाए. अब फैसला लिया है कि नमो भारत चौक के साइबर सिटी स्टेशन के बिल्कुल साथ में ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का साइबर सिटी स्टेशन बनेगा. इस स्टेशन को फुट ओवरब्रिज (FOB) के माध्यम से रैपिड मेट्रो के स्टेशन से जोड़ा जाएगा. नमो भारत स्टेशन से हाईवे के दूसरे तरफ तक FOB का निर्माण किया जाएगा.
DLF ने हाल ही में भूमिगत पैदल पारपथ का निर्माण कर दिया है. एक FOB निर्माण की योजना भी बनाई गई है. ऐसा होने से लोगों के लिए हाईवे के आर-पार जाना सुरक्षित हो जाएगा.
