हरियाणा सरकार फलों- सब्जियों की खेती पर देगी भावांतर भरपाई योजना का लाभ, फटाफट देखें संरक्षित मूल्य

चंडीगढ़ | हरियाणा में किसानों के लिए एक और अच्छी खबर सामने आई है. खासतौर पर सब्जियों की खेती करने वाले किसानों के लिए यह खबर और भी ज्यादा फायदेमंद साबित होगी. प्रदेश सरकार ने मंडियों में नाममात्र भाव पर बिक रहे आलू और गोभी से किसानों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए भावांतर भरपाई योजना का लाभ देने का फैसला लिया है. सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए इस योजना के तहत सहायता मांग रहे किसानों की फसलों के लिए भौतिक सत्यापन की तारीख 20 फरवरी तक बढ़ा दी है.

Vegetable Fruit Sabji

उद्यान विभाग ने बागवानी योजना के प्रति किसानों के रुझान और उनके आर्थिक नुकसान को देखते हुए आलू व फूलगोभी सहित टमाटर, भिंडी, प्याज, घीया, करेला, मिर्च, शिमला मिर्च, बैगन, लीची और आम के लिए भी भावांतर भरपाई योजना का लाभ देने का फैसला लिया है.

हरियाणा सरकार ने निर्धारित किया संरक्षित मूल्य

उद्यान विभाग ने इसी तरह मेरी फसल- मेरा ब्योरा पोर्टल पर अन्य बागवानी फसलों के रजिस्ट्रेशन के लिए भी समय- सीमा निर्धारित कर किसानों को निर्धारित समयावधि में फसलों का रजिस्ट्रेशन करवाकर भावांतर भरपाई योजना का लाभ उठाने की सलाह दी है. विभाग द्वारा टमाटर के लिए 500 रुपए और प्याज के लिए 650 रुपए प्रति क्विंटल संरक्षित मूल्य निर्धारित किया है जिसके लिए किसानों को 15 फरवरी यानि आज तक रजिस्ट्रेशन कराना होगा. जबकि सत्यापन 15 मार्च तक किया जाएगा.

यह भी पढ़े -  जाम से परेशान शहरों के लिए हरियाणा सरकार का प्लान, इन 5 जगहों पर बनेगी रिंग रोड- बाईपास

भिंडी के लिए संरक्षित मूल्य 1050 रुपये प्रति क्विंटल, घीया के लिए 450, करेला के लिए 1350 और मिर्च के लिए 950 रुपये क्विंटल संरक्षित मूल्य निर्धारित किया गया है. इन चारों सब्जियों की फसलों के लिए 31 मार्च तक पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराना होगा और सत्यापन भी इसी समयावधि में किया जाएगा.

इस तारीख तक करें रजिस्ट्रेशन

उद्यान विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि शिमला मिर्च का संरक्षित मूल्य 900 और बैगन का संरक्षित मूल्य 500 रुपये तय किया गया है जिसके लिए 15 मार्च तक रजिस्ट्रेशन और 31 मार्च तक सत्यापन कार्य पूरा किया जाएगा. वहीं, लीची का संरक्षित मूल्य 2400 रुपए और आम का 1950 रुपए प्रति क्विंटल तय किया गया है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.