रेवाड़ी | औद्योगिक नगरी फरीदाबाद का प्रसिद्ध सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय शिल्प मेले का आज आखिरी दिन है. इस मेले में जहां एक ओर देश- विदेश से आए हस्तशिल्प कलाकारों का हुनर देखने को मिल रहा है वही रेवाड़ी की शशि देवी के अनोखे प्राकृतिक उत्पाद अपना जलवा बखेर रहे है. खासकर उनका साबुन ‘Goat Milk Soap’ आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.
प्राकृतिक उत्पादों की बढ़ती मांग
मेले में शशि के बनाए प्राकृतिक उत्पाद की काफी मांग है. सुबह से शाम तक शशि की स्टॉल पर साबुन खरीदने वालों की भीड़ लगी रहती है. यह साबुन पूरी तरह हर्बल है और 50 ग्राम साबुन की कीमत केवल 40 रुपए है. कम कीमत होने और त्वचा के लिए लाभकारी होने के कारण लोग इसे ज्यादा मात्रा में खरीद रहे है. ऐसे में शशि का ‘ Goat Milk Soap ‘ ग्राहकों के बीच भरोसे का प्रतीक बनकर उभरा है.
500 महिलाओं को मिला रोजगार
रेवाड़ी निवासी शशि देवी पिछले 17 वर्षों से प्राकृतिक उत्पाद बना रही है. शुरुआत में उन्होंने यह काम अकेले शुरु किया था, लेकिन आज वह स्वयं सहायता समूह के माध्यम से इस कार्य को आगे बढ़ा रही है. उन्होंने अब तक लगभग 500 महिलाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा है. ये महिलाएं साबुन निर्माण, पैकेजिंग और मार्केटिंग जैसे कार्यों में भागीदारी निभा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से मजबूत बन रही है.
स्थानीय से राष्ट्रीय पहचान
शशि से अपना सफर रेवाड़ी शहर से शुरू किया था, लेकिन अब राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रही है. शशि ने कहा है कि उनका उद्देश्य सिर्फ साबुन बेचना नहीं है बल्कि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है. सूरजकुंड मेले में फेमस हुई उनकी साबुन से साबित होता है कि अगर संकल्प मजबूत हो तो छोटे शहर से भी बड़ी पहचान मिल सकती है.
