गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि गुरुग्राम शहर में ट्रैफिक समस्या को कम करने और अहम मार्गों की कनेक्विटी बेहतर करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने 3 KM लंबे एलिवेटेड रोड निर्माण की योजना पर कार्य को तेज कर दिया है. इस परियोजना की लागत लगभग 182 करोड़ रुपए रखी गई है.

इस परियोजना के तहत यह एलिवेटेड गुरुग्राम – पटौदी रोड पर स्थित उमंग भारद्वाज चौक को दिल्ली – जयपुर हाईवे पर स्थित हीरो होंडा चौक से जोड़ रही सड़क पर विकसित किया जाएगा. GMDA ने गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (GMRL) को डिजाइन सौंप दिया है, जिसका अनापत्ति प्रमाण – पत्र (NOC) मिलने के बाद यह प्रस्ताव हरियाणा सरकार को मंजूरी के लिए भेजा जाएगा.
वाहनों को जाम से राहत
उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने GMDA अधिकारियों को आदेश दिए कि जल्द ही हीरो होंडा चौक से लेकर उमंग भारद्वाज चौक तक एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य शुरू किया जाए. इस आदेश के बाद नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने भी नया डिजाइन तैयार कर GMDA को सौंपा है. यह एलिवेटेड रोड गुरुग्राम – पटौदी रोड पर विकसित की जाएगी, जिससे क्षेत्र के वाहनों को जाम से राहत मिलेगी और यात्रा के समय में कमी आएगी. इसमें ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो का संचालन भी होना है. इसके साथ ही उद्योग विहार फेज – 6 में मेट्रो स्टेशन भी प्रस्तावित है.
पिछले 5 वर्षों से अटकी योजना
इस रोड का डिजाइन पिछले 5 सालों से बन रहा है, लेकिन अभी तक फाइनल नहीं हुआ है. शुरुआत योजना के अनुसार इस रोड को दोनों तरफ से 3-3 लेन का करना था. इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह के आदेश पर इस रोड को एलिवेटेड तैयार करने की योजना पर काम शुरू हुआ, लेकिन बजट और तकनीकी कारण से इसे अंतिम रूप नहीं मिला. तीसरी बात भी बात नहीं बन पाई. अब चौथी बार GMDA ने NHAI और GMRL से रिपोर्ट मांगकर निर्माण को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.