स्पोर्ट्स डेस्क | भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित हो रहे ICC पुरूष T20 वर्ल्डकप का रोमांच चरम सीमा पर पहुंच चुका है. भारत सहित दक्षिण अफ्रीका, जिंबाब्वे, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका की टीमें सुपर- 8 के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं. कल श्रीलंका की धरती पर इस ग्रुप का पहला मैच पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच निर्धारित था लेकिन बारिश के चलते यह मैच रद्द हो गया.
इस ग्रुप के सभी मैच श्रीलंका की धरती पर खेले जाने हैं. ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों और टीमों की चिंता बढ़ गई है. बड़ा सवाल यह है कि यदि सुपर- 8 के सभी मैच बारिश के चलते रद्द हुए तो सेमीफाइनल में कौनसी टीम एंट्री करेगी. आइए जानते हैं कि ऐसी स्थिति में ICC के नियम क्या कहते हैं.
ICC का नियम
ICC T20 वर्ल्डकप की प्लेइंग कंडीशन के अनुसार, अगर सुपर-8 चरण के दौरान एक ग्रुप में सभी टीमें बराबर अंकों पर रहती है तो टाई- ब्रेकर नियम लागू होगा. सबसे पहले ग्रुप स्टेज में जीत की संख्या देखी जाएगी. अगर वह भी बराबर हो, तो नेट रन रेट, फिर हेड टू हेड परिणाम और अंत में टूर्नामेंट से पहले की ICC T20 रैंकिंग को आधार बनाया जाएगा. दो टीमों के अंक यदि बराबर होते हैं तो भी टाई-ब्रेक रूल अपनाया जाएगा.
एक ग्रुप में सभी मैच बारिश से रद्द होने की स्थिति में जीत की संख्या तो 0 ही होगी. वहीं, नेट रनरेट भी सभी चारों टीमों का 0.000 होगा. इसके अलावा हेड टू हेड परिणाम भी 0 दर्शाएगा. ऐसे में टूर्नामेंट से पहले की रैंकिंग ही मायने रखेगी. ICC ने स्पष्ट किया है कि 6 फरवरी 2026 तक की T20 आई रैंकिंग को आधार बनाया जाएगा.
भारत में बारिश की कम संभावना
ग्रुप नंबर- 2 में यदि सभी मैच बारिश से रद्द होते हैं तो इंग्लैंड (रैंक 3) और न्यूजीलैंड (रैंक 4) सेमीफाइनल में एंट्री करेंगे जबकि पाकिस्तान (रैंक 6) और श्रीलंका (रैंक 8) बिना कोई मैच खेले टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ेगा. ग्रुप A में भी यदि ऐसे हालात बनते हैं तो इंडिया (रैंक 1) और दक्षिण अफ्रीका (रैंक 5) सेमीफाइनल में पहुंचेंगे. वेस्टइंडीज (रैंक 7) और जिंबाब्वे (रैंक 12) टूर्नामेंट से बाहर हो जाएंगे. ग्रुप A के सभी मुकाबले भारतीय सरजमीं पर खेले जाने हैं जहां बारिश की संभावना बेहद कम नजर आ रही है.
क्रिकेट विशेषज्ञों का कहना है कि सभी मैचों के बारिश में धुल जाने की संभावना बेहद कम नजर आ रही है. फिर भी ICC के नियम यह सुनिश्चित करते हैं कि किसी भी असाधारण परिस्थिति में टूर्नामेंट को आगे बढ़ाया जा सकता है.
