चंडीगढ़ | इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया (ECI) द्वारा राज्यसभा चुनावों के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है जिसके बाद इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 5 मार्च तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं. इन चुनावों के लिए 16 मार्च को मतदान होगा और उसी दिन शाम को रिजल्ट घोषित कर दिया जाएगा. हरियाणा में भी राज्यसभा की 2 सीटों पर चुनाव होना है.
पंकज अग्रवाल रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त
ECI द्वारा जारी नोटिफिकेशन में हरियाणा के IAS पंकज अग्रवाल को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है. हरियाणा विधानसभा के डिप्टी सेक्रेटरी गौरव गोयल को अस्सिटेंट रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है. हरियाणा से बीजेपी के दो राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा और किरण चौधरी का कार्यकाल 9 अप्रैल को समाप्त हो जाएगा.
क्रास वोटिंग हुई तो बिगड़ेगा समीकरण
राज्यसभा का चुनाव जीतने के लिए एक उम्मीदवार को 31 वोटों की जरूरत होती है. हरियाणा विधानसभा में सत्तारूढ़ बीजेपी के पास 48 विधायक और 3 निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त है. वहीं, कांग्रेस के पास 37 विधायक हैं. इस हिसाब से बीजेपी और कांग्रेस दोनों पार्टियों को 1- 1 सीट पर आसानी से जीत हासिल हो जाएगी.
संवैधानिक मामलों के जानकार एडवोकेट हेमंत कुमार ने बताया कि BJP और कांग्रेस अपना एक- एक उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारती है तो वोटिंग की जरूरत नहीं पड़ेगी. नाम वापसी के आखिरी दिन दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों को निर्विरोध घोषित कर दिया जाएगा. यदि बीजेपी एक अन्य प्रत्याशी को मैदान में उतारती है तो वोटिंग करानी पड़ेगी. बीजेपी को इसके लिए क्रॉस वोटिंग की जरूरत पड़ेगी. इसकी संभावना ना के बराबर नजर आ रही है.
