गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम शहर में मसानी बैराज के ट्रैफिक जाम से कोई अछूता नहीं है. हालांकि, यहां ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं ताकि बिना जाम में फंसे कम समय में लोगों के लिए अपने गंतव्य स्थान पर पहुंचना आसान हो जाए. इसी कड़ी में गुरुग्राम शहर में आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से एक नई सड़क के निर्माण को मंजूरी दी गई है.
नई सड़क होगी तैयार
नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने दिल्ली- जयपुर हाइवे ( NH- 48) पर ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने के उद्देश्य से मसानी बैराज पर दिल्ली से जयपुर की तरफ तीन लेन की करीब 2 किलोमीटर लंबी एक नई सड़क का निर्माण करने की योजना बनाई है.
मौजूदा समय में मसानी बैराज के पास जयपुर से दिल्ली की तरफ आने के लिए तीन लेन का हाइवे हैं जबकि जयपुर की तरफ हाइवे दो लेन का हैं. सोहना से रेवाड़ी की ओर आने वाला NH- 919 भी इस हाइवे पर आकर मिलता है.
ट्रैफिक जाम से मिलेगा छुटकारा
ऐसे में जयपुर और रेवाड़ी की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या ज्यादा होने के चलते मसानी बैराज के पास अक्सर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है. NHAI ने ट्रैफिक जाम की इस जकड़न को दूर करने के लिए एक नई सड़क के निर्माण की योजना बनाई है. इसके लिए वन विभाग से करीब 2.2 एकड़ जमीन देने का आग्रह किया गया है.
NH- 48 पर मसानी बैराज के पास दिल्ली से जयपुर की तरफ तीन लेन की करीब 2 किलोमीटर लंबी एक नई सड़क के निर्माण की योजना बनाई गई है. मौजूदा सड़क मार्ग की चौड़ाई कम हैं जिसके चलते ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है- योगेश तिलक, प्रोजेक्ट ऑफिसर, NHAI
