गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम से खुद के घर का सपना देख रहे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. बता दें कि गुरुग्राम में मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत लगभग ढाई हजार परिवारों का अपने घर का सपना पूरा होने जा रहा है. इस योजना के अंतर्गत, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए फ्लैटों का आवंटन किया गया है. दरअसल, 17 मार्च 2026 को इन फ्लैटों के लिए लॉटरी प्रक्रिया आयोजित की गई जिसमें योग्य आवेदकों को पारदर्शी तरीके से घर आवंटित किए गए.
हर व्यक्ति को आवास दिशा में कदम
इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लोगों को किफायती और पक्के मकान उपलब्ध कराना है. सरकार का यह कदम ‘हर व्यक्ति को आवास’ के लक्ष्य की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है. लंबे समय से अपने घर का इंतजार कर रहे परिवारों के लिए यह खबर बड़ी राहत लेकर आई है. बताया जा रहा है कि इस योजना के लिए बड़ी संख्या में लोगों ने आवेदन किया था जिससे सस्ते मकानों की भारी मांग का अंदाजा लगाया जा सकता है.
इन परिवारों को दी प्राथमिकता
इस योजना के तहत, उन आवेदकों को प्राथमिकता में शामिल किया गया जिन्होंने पहले ही 10 हजार रुपए की राशि जमा कराई थी. इसके साथ ही, ड्रॉ प्रक्रिया के दौरान सामाजिक न्याय एवं समावेशन को ध्यान में रखते हुए घुमंतू जाति, विधवा और अनुसूचित जाति के आवेदकों को भी प्राथमिक स्थान दिया गया है. ड्रॉ के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को संबंधित बिल्डर के प्रोजेक्ट और नगर निगम क्षेत्र में फ्लैट के स्टीक स्थान का आवंटन किया गया ताकि यह पता चल सके कि उन्हें किस परियोजना एवं किस स्थान पर आवास प्राप्त होगा.
ड्रॉ का परिणाम विभाग की आधिकारिक वेबसाइट hfa.haryana.gov.in पर अपलोड कर दिया गया है जहां लाभार्थी अपना परिणाम देख सकते है. विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि उन्हें किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देते हुए केवल विभाग की वेबसाइट के माध्यम से ही अपने ड्रा का परिणाम देखे.
