चंडीगढ़ | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. उड़ीसा में आयोजित हुई 24वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हरियाणा के दिव्यांग खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी जीतकर नंबर-1 का स्थान हासिल किया है. इन खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से साबित कर दिया है कि विषम परिस्थितियों से हार मानने की बजाय कड़ी मेहनत और लगन से मंजिल को हासिल किया जा सकता है.
पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने हरियाणा की विजेता टीम के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर से हरियाणा का नाम रोशन किया है. हमारे खिलाड़ियों ने जोश और जज्बे का बेहतरीन तालमेल स्थापित करते हुए सबसे ज्यादा पदक हरियाणा की झोली में डालने का काम किया है. उन्होंने सभी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की.
हरियाणा ने जीते सबसे ज्यादा पदक
इस प्रतियोगिता में हरियाणा की ओर से 121 खिलाड़ी और 23 एस्कॉर्ट्स सहित कुल 144 सदस्यों का दल प्रतिभागी के रूप में शामिल हुआ था. हरियाणा की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 36 गोल्ड मेडल, 29 सिल्वर मेडल और 25 कांस्य पदक जीतते हुए कुल 95 मेडल जीतकर ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी जीतकर देशभर में हरियाणा के नाम की बादशाहत कायम की.
मुख्यमंत्री श्री @NayabSainiBJP ने 24वीं राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन बनने पर प्रदेश के खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी।
भुवनेश्वर (ओडिशा) के कलिंगा स्टेडियम में 17 से 21 मार्च तक आयोजित इस प्रतियोगिता में…
— DPR Haryana (@DiprHaryana) March 22, 2026
इन खिलाड़ियों ने बढ़ाया गौरव
प्रदेश के इंटरनेशनल पैरा खिलाड़ी प्रणव सुरमा ने क्लब थ्रो इवेंट में, नवदीप, रिंकु हुड्डा और सुमित ने जेवलिन थ्रो में, धर्मबीर व टेकचंद ने क्लब थ्रो में और अंकुर धामा ने 1500 मीटर रेस में गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. दीपक रविश ने भी गोल्ड मेडल जीता है. महिला खिलाडियों में पूजा यादव ने क्लब थ्रो में, कंचन लखानी ने जेवलिन थ्रो में मेडल प्राप्त किये. उषा, माफ़ी, भुवि अग्रवाल, दयावंति, प्रीति, पूजा एवं लक्ष्मी ने भी मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया. इन खिलाड़ियों की शानदार उपलब्धि पर पैरा स्पोर्ट्स के संस्थापक खेल उपनिदेशक ध्यानचंद अवाड्री गिरिराज सिंह ने बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की.
