फरीदाबाद | हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है. इसी कड़ी में NCR क्षेत्र से मशहूर पर्यटन स्थल देहरादून के लिए नई एसी बस सेवा की शुरुआत की गई है. फरीदाबाद सहित दिल्ली तक के यात्रियों को इस बस सेवा का लाभ मिलेगा.
यह रहेगा शेड्यूल
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ से वाया दिल्ली होकर यह बस उत्तराखंड के देहरादून का सफर तय करेगी. बल्लभगढ़ बस स्टैंड से यह बस रोजाना सुबह साढ़े 9 बजे रवाना होकर 09.50 बजे NIT फरीदाबाद, दोपहर साढ़े 12 बजे दिल्ली और 2 बजे मेरठ से होते हुए शाम साढ़े 4 बजे देहरादून पहुंचेगी.
इसी तरह वापसी में अगले दिन सुबह 05.10 बजे देहरादून से रवाना होकर 06.40 बजे रूड़की, 10 बजे दिल्ली और दोपहर 1 बजे बल्लभगढ़ बस स्टैंड पहुंचेगी. यह बस बल्लभगढ़ से वाया NIT फरीदाबाद, कश्मीरी गेट बस स्टैंड दिल्ली, मेरठ बाईपास, मुजफ्फरनगर बाईपास, रूड़की और छुटमलपुर होते हुए देहरादून का सफर तय करेगी.
पर्यटकों के लिए फायदेमंद
बल्लभगढ़ बस डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि आगामी गर्मी सीजन में हरिद्वार और उत्तराखंड जाने वाले पर्यटकों को इस सीधी बस सेवा का विशेष तौर पर लाभ मिलेगा. उन्हें अपने घर के पास से ही सीट की सुविधा मिलेगी तो उनके लिए लंबी दूरी की यात्रा करनी आरामदायक हो जाएगी. उन्होंने बताया कि यात्रियों का रिस्पांस बढ़िया रहता है तो एक और अतिरिक्त बस सेवा को इस रूट पर शुरू कर यात्रियों को राहत पहुंचाने का काम किया जाएगा.
