हिसार | हरियाणा सरकार ने वर्ष 2026 के लिए खेल नर्सरियों की सूची को लागू कर दिया है, इसमें सबसे अधिक नर्सरी राज्य के हिसार जिले को आवंटित हुई है और इनकी संख्या 136 रही. पूरे हरियाणा की बात करें तो कुल 1247 खेल नर्सरियों का वितरण हुआ है. हिसार के बाद दूसरा नंबर जींद जिले का है जहां 134 खेल नर्सरियां आवंटित हुई है.

हरियाणा में खिलाड़ियों को मिलेगी प्रोत्साहन राशि
हिसार जिले में लगभग सभी मुख्य खेलों की नर्सरियां स्थापित की गई है जिसमें बेसबाल, ताइक्वांडो, नेटबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, एथलेटिक्स, वॉलीबाल, वुशू, आर्चरी और क्रिकेट शामिल है. गांव लाडवा में 2 हैंडबॉल और 1 कबड्डी नर्सरी, मय्यड़ में रोइंग, मुकलान में बेसबाल, अग्रोहा में जूडो और चूली बागड़ियान में फुटबॉल नर्सरी आवंटित की गई है.
इन नर्सरियों में खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर होगा. प्रत्येक नर्सरी में 25 नियमित खिलाड़ियों के साथ 10 खिलाड़ियों को वेटिंग सूची में रखा जाएगा. नर्सरी में चुने गए खिलाड़ियों को अंडर- 14 वर्ग में 1500 रूपए और अंडर- 19 वर्ग में 2 हजार रुपए प्रतिमाह राशि दी जाएगी.
युवाओं की खेलों में अधिक रूचि
पिछले वर्ष हिसार जिले में 102 नर्सरियां आवंटित हुई थी, जिसमें से 6 बंद होने के बाद 96 नर्सरियां संचालित की गई थी. इस बार नर्सरियों के लिए कुल 595 आवेदन प्राप्त हुए है, युवाओं की खेलों के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है. खेल विभाग ने पिछले वर्ष चुने गए खिलाड़ियों की डाइट राशि भी जारी कर दी है और इस वर्ष यह प्रक्रिया पहले की तुलना में तेज रही है. लखिलाड़ियों की उपस्थिति के लिए बायोमेट्रिक प्रणाली को लागू कर दिया गया है.