पंचकूला | हरियाणा का एक मात्र हिल स्टेशन मोरनी हिल्स आजकल पर्यटकों के बीच काफी सुर्खिया बटोर रहा है. प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और एडवेंचर गतिविधियों के कारण यह स्थान काफी लोगों की पहली पसंद बन गया है. खासकर दिल्ली- एनसीआर और हरियाणा के लोग यहां ज्यादा घूमना पसंद करते है. यदि आपको भी भीड़- भाड़ और गर्मी से राहत चाहिए, तो हरियाणा की वादियों में छिपा यह छोटा- सा स्वर्ग आपका इंतजार कर रहा है.

हरियाणा का छिपा हुआ खजाना
मोरनी हिल्स अपनी हरियाली, शांत वातावरण और ठंडे मौसम के कारण काफी प्रसिद्ध है. शिवालिक पर्वतमाला की गोद में बसा यह मोरनी हिल्स लगभग 1220 मीटर की ऊंचाई पर है. यह अपनी हरियाली, ठंडा मौसम और शोर- शराबें से दूर होने के कारण लोगों को एक अलग ही अहसास का अनुभव कराता है. यही कारण है कि छुट्टियों के दिनों में यहां पर्यटकों की अच्छी- खासी भीड़ देखने को मिलती है.
यह स्थान चंडीगढ़ से लगभग 45 किलोमीटर की दूरी पर है, जिससे यहां पहुंचना काफी आसान है. मोरनी हिल्स अपनी प्राकृतिक झीलों और घने जंगलों के लिए भी काफी जाना जाता है. यहां का सबसे मुख्य आकर्षक का केंद्र टिक्कर ताल है, जहां लोग बोटिंग और फोटोग्राफी का आनंद भी लेते है. यह जगह ट्रैकिंग, कैंपिंग और एडवेंचर एक्टिविटीज के शौकीनों के लिए किसी स्वर्ग से कम नहीं है.
धार्मिक स्थल के लिए महत्वपूर्ण
मोरनी हिल्स को ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल के महत्व से भी जाना जाता है. यहां स्थित मोरनी किला और ठाकुर द्वारा मंदिर पर्यटकों के बीच आकर्षक का केंद्र है. यहां पास में स्थित गुरुद्वारा नाडा साहिब भी श्रद्धालुओं के लिए खास है. इस क्षेत्र को मिनी स्विट्जरलैंड भी कहा जाता है, क्योंकि यहां की वादियां और प्राकृतिक नजारे बेहद खूबसूरत है. शांत वातावरण और साफ- सुथरी जगह होने के कारण इसे वीकेंड के लिए परफेक्ट माना गया है. यही कारण है कि यहां हर साल आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ती जा रही है.