फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद को जल्द ही वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी. यहां HSIIDC की 200 एकड़ जमीन पर एरो सिटी विकसित की जाएगी जहां मनोरंजन और व्यवसायिक गतिविधियों का वैश्विक हब होगा. इस परियोजना में एक ही जगह पर कॉरपोरेट टॉवर, ऑफिस स्पेस और बिजनेस सेंटर के साथ शॉपिंग मॉल, ब्रांडेड रिटेल आउटलेट और फूड कोर्ट विकसित किए जाएंगे.

एक ही जगह मिलेगी सभी सुविधाएं
स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य व्यापार, मनोरंजन और निवेश को एक मंच पर लाना है. इस परियोजना का मुख्य आकर्षण इसका मनोरंजन जोन होगा जिसमें मल्टीप्लेक्स, गेमिंग एरिया और फैमिली एंटरटेनिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी.
इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट और कांफ्रेंस हॉल जैसी सेवाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे यह क्षेत्र नेशनल और इंटरनेशनल स्तर के बिजनेस इवेंट्स के लिए उपयुक्त बन सके. साथ ही इस जगह पर आवागमन के लिए बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के तहत एयरपोर्ट और प्रमुख हाइवे से जोड़ा जाएगा ताकि व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके.
निवेश को मिलेगा बढ़ावा
बता दें कि यह मॉडल वैश्विक स्तर पर काफी सफल रहा है जहां लोगों और कारोबारियों को एक ही स्थान पर काम, ठहरने और मनोरंजन की सुविधा मिलती है. खुद सीएम नायब सैनी का मानना है कि इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे. वहीं, साथ ही यह परियोजना हरियाणा को एक आधुनिक अर्बन और कमर्शियल हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है. इससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी बल्कि पर्यटन और पर्यटकों की संख्या में भी जबरदस्त इजाफा देखने को मिलेगा.