चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की तरफ से अधिकारियों को निर्देशित किया गया हैं कि गुरुग्राम में स्थापित किए जा रहे श्री शीतला माता देवी मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में एमबीबीएस की 150 सीटों व 850 बैड में से 33 प्रतिशत हरियाणा के विद्यार्थियों व लोगों के लिए रिजर्व किए जाएं. मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आरक्षित सीटों पर फीस अन्य सरकारी मेडिकल कॉलेजों के अनुसार ही तय की जाए ताकि राज्य के विद्यार्थियों को सुलभ और किफायती चिकित्सा शिक्षा मिल पाए.

कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक में दिए निर्देश
सीएम की ओर से ये दिशा निर्देश परियोजना के पीपीपी मोड पर संचालन व रखरखाव को लेकर बुलाई गई कैबिनेट सब-कमेटी की बैठक के दौरान दिए गए. उन्होंने कहा कि हॉस्पिटल में आरक्षित बेडों पर आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों को लाभ दिया जाना सुनिश्चित हो ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया हो पाएं.
बढ़ती आबादी की स्वास्थ्य जरूरतें होंगी पूरी
उन्होंने इस संस्थान को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने पर बल देते हुए कहा कि यह गुरुग्राम की स्वास्थ्य सेवाओं को नई पहचान प्रदान करेगा. सीएम की तरफ से सभी अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए कि गुरुग्राम में विभिन्न स्थानों पर 100 से 150 बेड क्षमता वाले 3 से 4 अतिरिक्त अस्पताल इसी तर्ज पर खोलने के प्रस्ताव भी तैयार किए जाएं. इससे बढ़ती आबादी की स्वास्थ्य संबंधित आवश्यकताओं को बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा. यह संस्थान गुरुग्राम के सेक्टर-102 ए, खेड़की माजरा में 30.75 एकड़ भूमि पर विकसित हो रहा है. इससे आम जन को काफी सुविधा मिलेगी.