गुरुग्राम | हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में गुरुग्राम में निर्माणाधीन शीतला माता देवी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित कैबिनेट सब- कमेटी की बैठक में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सैनी ने एक बड़ा फैसला लिया है.

बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में विभिन्न जगहों पर 100 से 150 बेड की क्षमता वाले चार अतिरिक्त अस्पताल इसी तर्ज पर खोलने के प्रस्ताव तैयार किए जाएं. गुरुग्राम की बढ़ती आबादी और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती मांग को पूरा करने में यह कदम न केवल महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा बल्कि भविष्य की स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा करने में भी मील का पत्थर साबित होगा.
आयुष्मान कार्ड लाभार्थियों को प्राथमिकता
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल के आरक्षित बेड पर आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाए. उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल भवन का निर्माण करना नहीं है बल्कि इंटरनेशनल स्तरीय ऐसी सेवाएं उपलब्ध कराना है जो गुरुग्राम को वैश्विक स्वास्थ्य मानचित्र पर स्थापित करें.
हरियाणा के युवाओं को मिलेगा आरक्षण
सीएम नायब सैनी ने इस बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए निर्देश दिए कि गुरुग्राम के सेक्टर- 102A खेड़की माजरा में बन रहे इस अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज की 150 MBBS सीटों और 850 बेडों में से 33-33 प्रतिशत हिस्सा हरियाणा के विद्यार्थियों और स्थानीय निवासियों के लिए आरक्षित किया जाए.
सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि आरक्षित सीटों पर फीस अन्य सरकारी मेडिकल कॉलेजों के समान ही रखी जाएगी, जिससे राज्य के मेधावी लेकिन आर्थिक रूप से सामान्य परिवारों के छात्रों को चिकित्सा शिक्षा के लिए भारी- भरकम फीस नहीं भरनी होगी. इससे मेडिकल की हाई एजुकेशन हासिल करने वाले युवाओं को फायदा पहुंचेगा.