गुरुग्राम | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम के विकास को नई रफ्तार देने के लिए एक अहम योजना बनाई गई है. बता दें कि शहर में विकसित हो रही ग्लोबल सिटी को अब द्वारका एक्सप्रेसवे से सीधी कनेक्टिविटी मिलने जा रही है. इसके लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) द्वारा करीब 150 मीटर लंबा अंडरपास बनाया जाएगा, जो आवागमन को सरल और तेज बनाएगा.

ट्रैफिक और यात्रा के समय में आएगी कमी
इस योजना के तहत, तैयार होने वाला अंडरपास ग्लोबल सिटी को बिना किसी ट्रैफिक बाधा के सीधे एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा. इससे न केवल यात्रा में कम समय लगेगा, बल्कि शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या भी कम होगी. इस योजना को लेकर हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं संरचना विकास निगम (HSIIDC) और NHAI के बीच आपसी सहमति बन गई है.
यह अंडरपास सेक्टर- 36 और सेक्टर- 37 के पास बनाया जाएगा, जहां करीब 1 हजार एकड़ में ग्लोबल सिटी विकसित की जा रही है. इस योजना को दो चरणों में विकसित किया जाएगा. पहले चरण में इसे 587 एकड़ में लगभग 900 करोड़ रुपए से विकसित किया जाएगा. इस चरण के अंतर्गत ढांचागत विकास सड़क, बिजली, पानी, सीवर सहित कई अन्य सुविधाओ पर जोर दिया जाएगा.
कैप्टन उमंग भारद्वाज चौक से लेकर द्वारका एक्सप्रेसवे तक की सड़क को 4 लेन किया जाएगा ताकि गुरुग्राम- पटौदी रोड से भी ग्लोबल सिटी की कनेक्टिविटी बेहतर हो. इससे दोनों रोड से ग्लोबल की कनेक्टिविटी तेज होगी.
रोजगार के मिलेंगे अवसर
इस पूरी योजना को पूरी करने मे लगभग 1 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे. इसमें करीब 5 लाख से अधिक लोगों को सीधा रोजगार मिलने की उम्मीद है. मिलेनियम सिटी में लोग दुबई और सिंगापुर का अहसास कर सके इसके लिए सिंगापुर के प्रसिद्ध यूनिवर्सल स्टूडियो एवं दुबई के बुर्ज खलीफा की तर्ज पर आइकोनिक बिल्डिंग तैयार की जाएगी. पर्यावरण मंजूरी, वन्य जीवन NOC, वन NOC और अरावली NOC सहित अन्य सरकारी NOC के लिए सिंगल विंडों क्लीयरेंस होगा.
ग्लोबल सिटी में रहने वाले लोगों की आवाजाही के लिए मल्टी मॉडल परिवहन रास्तों का प्रयोग किया जाएगा. यहां लाइट रैपिड ट्रांजिट, डेडिकेटेड बस रूट के साथ EV बस, पैदल यात्री मार्ग और साइकिल ट्रैक की भी सुविधा होगी.