शहरी निकाय चुनावों के लिए हरियाणा BJP ने खोलें अपने पत्ते, कोर कमेटी की बैठक में लिया बड़ा फैसला

पंचकूला | हरियाणा में शहरी स्थानीय निकाय चुनावों की घोषणा होते ही सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी तैयारियों में जुट गए हैं. प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने इन चुनावों के लिए विधायिका गीता भुक्कल के नेतृत्व में घोषणा- पत्र कमेटी गठित कर दी है तो वहीं दूसरी ओर सत्तासीन भारतीय जनता पार्टी भी एक्शन मोड में आ गई है. इसके लिए मंगलवार यानि कल पंचकूला स्थित बीजेपी कार्यालय में कोर कमेटी की एक बैठक बुलाई गई थी जिसमें स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं.

BJP

कमेटी करेगी उम्मीदवारों का चयन

चुनाव वाले शहरी निकायों में 3- 3 सदस्यों की पहले से कमेटियां गठित कर चुकी बीजेपी ने इस बैठक में अब 5 सदस्यीय राज्यस्तरीय चुनाव कमेटी बनाने का फैसला लिया है. मंत्रियों व प्रमुख नेताओं की यह कमेटी 15- 16 अप्रैल को उन सभी शहरी निकायों का दौरा करेगी जहां- जहां चुनावों का आयोजन होगा. कमेटी चुनाव लड़ने के इच्छुक नेताओं से फार्म आमंत्रित करेगी.

पार्टी के वरिष्ठ नेता चुनाव क्षेत्रों में वहां के विधायकों और मंत्रियों से अलग चर्चा करेंगे. 17 से 19 अप्रैल तक चुनाव वाले क्षेत्रों के हर वार्ड में कार्यकर्ताओं की बैठकें बुलाई जाएगी. 20 अप्रैल को चुनाव समिति की बैठक होगी, जिसमें निकाय उम्मीदवारों के नाम तय किए जाएंगे.

यह भी पढ़े -  शहरी निकाय चुनावों के लिए हरियाणा कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार, इन प्रत्याशियों पर खेला दांव

10 मई को होगी वोटिंग

हरियाणा में सात शहरी निकायों और पंचायतों में उपचुनाव के लिए 10 मई को मतदान होगा. पंचकूला, अंबाला और सोनीपत में नगर निगम के अलावा रेवाड़ी नगर परिषद तथा सांपला, धारूहेड़ा और उकलाना नगर पालिकाओं में चुनाव होना है.

निकाय चुनावों के लिए बीजेपी ने मंत्रियों और पदाधिकारियों की पहले से ही ड्यूटी लगाई हुई है. वहीं, जिन जगहों पर उपचुनाव हैं वहां पर गठित तीन सदस्यीय कमेटियों में जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और महामंत्री को शामिल किया गया है. कोर कमेटी की इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी, प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, प्रदेश प्रभारी डॉ सतीश पूनिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य डा. सुधा यादव, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला, पूर्व मंत्री डा. कमल गुप्ता, कैप्टन अभिमन्यु सहित पार्टी के कई अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.