चंडीगढ़ | हरियाणा में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस पार्टी के 5 विधायकों के खिलाफ सख्त एक्शन लिया गया है. बता दें कि इन पांचों विधायकों ने पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध को मतदान करने की बजाय निर्दलीय प्रत्याशी सतीश नांदल के पक्ष में मतदान किया था. अब इनके खिलाफ पार्टी ने कार्रवाई की हैं.

हरियाणा कांग्रेस के 5 विधायक सस्पेंड
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) ने क्रॉस वोटिंग करने वाले इन पांचों विधायकों को सस्पेंड कर दिया है. पार्टी सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय हाईकमान ने हरियाणा कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई कमेटी की रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया है, जिसमें पार्टी के आधिकारिक रूख का उल्लघंन करने वाले विधायकों को सस्पेंड करने की सिफारिश की गई थी.
क्रॉस वोटिंग के चलते जिन 5 विधायकों को कांग्रेस हाईकमान द्वारा सस्पेंड किया गया है उनमें रतिया विधानसभा क्षेत्र से जनरैल सिंह, हथीन विधानसभा क्षेत्र से मोहम्मद इसराइल, पुनहाना विधानसभा क्षेत्र से मोहम्मद इलियास, साढ़ौरा विधानसभा क्षेत्र से रेनू बाला और नारायणगढ़ से शैली चौधरी शामिल हैं.
मुश्किल से जीते थे कर्मवीर बौद्ध
हरियाणा में हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार कर्मवीर बौद्ध मामूली अंतर से ही जीत हासिल कर पाए थे जबकि पार्टी के पास 37 विधायक थे. यहां जीत के लिए 31 वोट चाहिए थे. जीत के आंकड़े से ज्यादा वोट होने के बावजूद भी कांग्रेस प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध को बड़ी मुश्किल से जीत हासिल हुई थी क्योंकि 5 विधायकों पर क्रॉस वोटिंग के आरोप लगे थे और 4 विधायकों के वोट रद्द हो गए थे.
राज्यसभा चुनाव में पार्टी एजेंट के तौर पर कार्यरत पूर्व मुख्यमंत्री भुपेंद्र हुड्डा ने कहा था कि इलेक्शन कमीशन ने पक्षपात रवैया अपनाया था और जानबूझकर उनके 4 वोट रद्द किए गए थे.