फरीदाबाद में ईस्ट- वेस्ट प्रोजेक्ट ने पकड़ी रफ्तार, 2 बड़ी सड़क परियोजनाएं समय पर पूरा करने के निर्देश जारी

फरीदाबाद | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद शहर में ट्रैफिक संचालन को सुगम बनाने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में ईस्ट टू वेस्ट कनेक्टिविटी परियोजना को धरातल पर अमलीजामा पहनाने की तैयारियां रफ्तार पकड़ चुकी है. इस संबंध में फरीदाबाद मेट्रो डिवलेपमेंट ऑथोरिटी (FMDA) के सीईओ पीसी मीणा और डीसी आयुष सिन्हा ने प्रमुख सड़क मार्गों का निरीक्षण करते हुए जमीनी हकीकत का जायजा लिया.

Sadak Road 3

इस परियोजना को लेकर हर महीने मुख्यमंत्री नायब सैनी को रिपोर्ट भेजी जानी है. पिछले दिनों हुई FMDA की बैठक में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस परियोजना को पूरी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए थे.

सुगम हो जाएगा सफर

निरीक्षण के दौरान FMDA के सीईओ पीसी मीणा ने बताया कि करीब 8 किलोमीटर लंबे बड़खल से सैनिक कालोनी तक प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण से लोगों को ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी और उनका सफर आरामदायक व सुरक्षित हो जाएगा. इसके साथ ही, शहर के अलग- अलग हिस्सों के बीच आवाजाही में लगने वाले समय में कमी आएगी. वाहन चालकों को ट्रैफिक जाम में नहीं फंसना पड़ेगा तो ईंधन की बचत का फायदा भी मिलेगा.

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही 9 किलोमीटर लंबे सैनिक कालोनी से बीपीटीपी होते हुए बाटा रोड तक कनेक्टिविटी करने को लेकर भी काम किया जा रहा है. यह सड़क मार्ग न केवल रिहायशी इलाकों को आपस में बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा बल्कि औद्योगिक और व्यवसायिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार देगा. इससे वाहन चालकों का सफर सुगम हो जाएगा. लोगों को बड़े स्तर पर ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और उनके लिए कम समय में अपने गंतव्य स्थान तक पहुंचना आसान हो जाएगा.

मुख्यमंत्री कार्यालय से निगरानी

सीईओ पीसी मीणा ने बताया कि निर्माण कार्य करने वाली एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा में अपने सारे प्रोजेक्ट पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर बहानेबाजी या लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं की जाएगी क्योंकि इस बड़े प्रोजेक्ट की निगरानी सीधा मुख्यमंत्री कार्यालय से की जा रही है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.