चंडीगढ़ | एशियन बीच कबड्डी गेम्स 2026 में हरियाणा एक बार फिर देश का मान बढ़ाने के लिए तैयार है. भारतीय कबड्डी टीम के चयन में इस बार हरियाणा के खिलाड़ियों का दबदबा साफ दिखाई दे रहा है. बता दें कि एशियन गेम्स में चयनित भारतीय महिला कबड्डी टीम में से 6 में से 3 खिलाड़ी हरियाणा से है. इसमें एक चरखी दादरी और 2 हिसार जिले से संबंधित है. खास बात यह है कि इस टीम की कप्तानी चरखी दादरी की बेटी रितु करेगी, जो हरियाणा के लिए गर्व की बात है.

22 से 27 अप्रैल तक प्रतियोगिता
22 से 27 अप्रैल तक चीन के सान्या शहर में होने वाले इन खेलों में भारत को स्वर्ण पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. टीम में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा संतुलन है, जो तेज और चुनौतीपूर्ण बीच कबड्डी फॉर्मेट में बेहतरीन प्रदर्शन कर सकते है. वही रितु की कप्तानी भारतीय टीम के लिए बड़ी ताकत है.
इस टीम में चरखी दादरी से रितु, हिसार जिले से मनीषा कुमारी और निकिता का चयन हुआ है और 3 अन्य खिलाड़ी अलग- अलग राज्यों से संबंधित है. पुरुष टीम में भी हरियाणा जिले के नीरज नरवाल को शामिल किया गया है, जो हरियाणा की खेल संस्कृति को मजबूती से पेश करेगा.
रितु विश्वकप टीम का हिस्सा
चरखी दादरी जिले के बिलावल निवासी रितु श्योराण वाइब्रेंट एकेडमी हंसावास खुर्द में अभ्यास करती है. बता दें कि पिछले दिनों महिला कबड्डी विश्वकप में जिस टीम ने जीत हासिल की, वह उस टीम का हिस्सा रही है. अब वह लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम की कप्तान बन गई है, जो राइट कार्नर खेलते हुए टीम को मजबूती प्रदान करेंगी. रितू का कप्तानी के रूप में चुनाव उनकी मेहनत और समर्पण का नतीजा है.
महिला टीम में हिसार जिले से दो अन्य महिला खिलाड़ियों ने भी अपनी मेहनत से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है. माना जा रहा है कि इन खिलाड़ियों का तालमेल और अनुभव टीम के लिए अच्छा साबित होगा और देश को एशियन बीच गेम्स कबड्डी प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल हासिल करेगा.