पंचकूला | हरियाणा में शहरी निकाय चुनावों को लेकर सभी राजनीतिक दल अपनी- अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं. कल यानि शनिवार को कांग्रेस पार्टी ने अंबाला और सोनीपत नगर निगम चुनावों को लेकर मेयर पद के उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था. वहीं, पार्टी ने आज पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए मेयर पद के उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है.

शैलजा की करीबी को मिला टिकट
कांग्रेस पार्टी ने पंचकूला से महिला विंग की पूर्व प्रदेशाध्यक्ष और सिरसा लोकसभा सीट से सांसद कुमारी शैलजा के करीबियों में शामिल सुधा भारद्वाज को अपना उम्मीदवार बनाया है. पंचकूला में कांग्रेस के पास दो ही मुख्य नेता थे. इनमें पंजाबी समाज से ताल्लुक रखने वाले पूर्व नगर परिषद् अध्यक्ष रविंद्र रावल और ब्राह्मण समाज से सुधा भारद्वाज का नाम शामिल था.
पंचकूला नगर निगम में जातिगत वोटरों की संख्या की बात करें तो पंजाबी समाज के वोटरों की संख्या करीब 50 हजार हैं जबकि ब्राह्मण समाज के वोटरों की संख्या 15 हजार के आसपास है. यहां सुधा भारद्वाज को कुमारी शैलजा के साथ- साथ स्थानीय कांग्रेस विधायक चंद्रमोहन का भी साथ मिला, जिससे उनके लिए टिकट की राह आसान हो गई. हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भुपेंद्र हुड्डा ने रविंद्र रावल के नाम पर मुहर लगाई थी लेकिन पार्टी के भीतर उनके नाम पर सहमति नहीं बन पाई.
10 मई को होगी वोटिंग
पंचकूला, अंबाला और सोनीपत नगर निगम तथा रेवाड़ी नगर परिषद् व धारूहेड़ा, सांपला तथा उकलाना नगर पालिका के लिए चुनाव होना है. इन सभी जगहों पर 10 मई को वोटिंग होगी. वहीं, किसी कारणवश पुनर्मतदान की नौबत आई तो 12 मई को मतदान होगा. 13 अप्रैल को इन चुनावों के परिणाम घोषित होंगे.
यह रहेगा शेड्यूल
प्रदेश में शहरी निकाय चुनावों के लिए 21- 25 अप्रैल तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे. 27 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 28 अप्रैल को नामांकन वापसी के साथ शाम को चुनाव चिह्न जारी किए जाएंगे. इसके अलावा पानीपत और करनाल जिला परिषद के 1- 1 वार्ड, 12 ब्लॉक समिति सदस्यों, 29 सरपंच, 485 पंच पदों के लिए उपचुनाव की वोटिंग भी 10 मई को होगी.
उसी दिन वोटों की गिनती करके नतीजे घोषित हो जाएंगे. पहली बार होगा, जब NOTA का बटन तो होगा लेकिन इससे चुनाव नतीजों पर असर नहीं पड़ेगा. वोटिंग EVM से होगी लेकिन वीवीपैट का इस्तेमाल नहीं होगा.