चंडीगढ़ | हरियाणा में आग उगलती गर्मी और लू ने आमजन की परेशानी बढ़ा दी है. पश्चिमी मरुस्थलीय शुष्क हवाओं और सूर्य के तीखे तेवरों के कारण राज्य के कई हिस्सों का तापमान 43 डिग्री के पास पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जिससे लोगों को लू से राहत मिलेगी.

हरियाणा में भीषण गर्मी
प्रदेश में सबसे गर्म शहर रोहतक रहा है, जहां का तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. यह सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक चल रहा है. लू और तपिश के कारण लोगों का घर से निकलना दूभर हो गया है. उत्तर और दक्षिण हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 डिग्री से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है. रोहतक, फरीदाबाद, नारनौल, सिरसा, हिसार, करनाल, नूहं, भिवानी, जींद, सोनीपत जैसे शहरों में गर्मी का सितम बढ़ गया है.
कल से बदलेगा मौसम
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि आज राज्य में मौसम शुष्क रहेगा. 27 अप्रैल की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. इस दौरान राज्य के दक्षिण और पश्चिमी जिलों में बूंदाबांदी हो सकती है. 28 अप्रैल को प्रदेश के सभी हिस्सों में बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और गरज- चमक के साथ आंधी चलने की संभावना है. 29 अप्रैल को भी कही- कहीं बारिश देखने को मिल सकती है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसमी बदलाव राज्य में बढ़ते तापमान को नियंत्रित करेगा, जिससे लोगों को लू से राहत मिलेगी. इसके बाद 30 अप्रैल, 2 मई और 5 मई को भी एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे, जिससे राज्य में बूंदाबांदी की संभावना प्रबल रहेगी. मई के पहले पखवाड़े तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीदें है.