गुरुग्राम | हरियाणा सरकार राज्य में विकास कार्यों को लेकर लगातार ठोस कदम उठा रही है. इसी कड़ी में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गुरुग्राम के सेक्टर- 29 में स्थित लेजर वैली पार्क में 3D प्रोजेक्शन मैपिंग और लाइट एंड साउंड शो का उद्घाटन किया है. करीब 8 करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह प्रोजेक्ट आधुनिक तकनीक के माध्यम से यहां के लोगों के लिए सुकून, स्वास्थ्य और साकारात्मक ऊर्जा का महत्वपूर्ण केंद्र है.

शो की खासियत
यह लाइट एंड साउंड शो वॉटर स्क्रीन पर 3D प्रोजेक्शन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है, जिसमें म्यूजिकल फाउंटेन का भी इस्तेमाल होता है. इस दौरान दर्शकों को धार्मिक और सांस्कृतिक कहानियों का आकर्षक प्रदर्शन देखने को मिलता है, जिसमें भगवान हनुमान की 3D कथा का चित्रण भी शामिल है.
इस शो को 3 प्रमुख थीम पर तैयार किया गया है. पहला बाल हनुमान- ऊर्जा एवं अटूट भक्ति, दूसरा गुरु द्रोणाचार्य- ज्ञान एवं अनुशासन, तीसरा समय की पुस्तक- विरासत से विकास तक की निरंतर यात्रा. इन विषयों के जरिए सांस्कृतिक दर्शन को आगे ले जाते हुए आधुनिकता और परंपरा का संतुलन दिखाने की कोशिश की गई है.
लोगों के लिए पार्क का महत्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्क पहले से ही लोगों के लिए स्वास्थ्य और सुकून का केंद्र है, जहां बड़ी संख्या मे लोग सुबह-शाम सैर करने आते है. नई सुविधाओं और शो के जुड़ने से यह स्थान मनोरंजन और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बन जाएगा. मुख्यमंत्री ने पार्क के ओर विकास के लिए सिंथेटिक ट्रैक बनाने और सौंदर्यीकरण करने की घोषणा भी की है. इससे पार्क में आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेगी और वातावरण ओर अधिक आकर्षक बनेगा.