सोनीपत के मेयर चुनाव में एक उम्मीदवार ऐसा भी, चुनाव चिह्न को ही बनाया अपनी सवारी

सोनीपत | हरियाणा में शहरी निकाय चुनावों के लिए चुनाव प्रचार अभियान रफ्तार पकड़ चुका है. सभी राजनीतिक दल तमाम तरह के लोक-लुभावन वादे कर जनता के बीच वोटों की अपील कर रहे हैं. वहीं, सोनीपत नगर निगम में मेयर पद हेतु एक निर्दलीय उम्मीदवार का चुनाव प्रचार तरीका काफी सुर्खियां बटोर रहा है. खास बात यह है कि यह उम्मीदवार अब तक 12 चुनाव लड़ चुका है और सभी में जमानत जब्त हुई है लेकिन जज्बा आज भी कायम है.

Sonipat Mayor Election

सुर्खियों में छाया चुनाव प्रचार तरीका

सोनीपत नगर निगम चुनाव में मेयर पद हेतु नामांकन दाखिल करने वाले निर्दलीय प्रत्याशी रमेश खत्री को ‘रोड रोलर’ का चुनाव चिह्न मिला है. इसके बाद, उन्होंने अपने चुनाव चिह्न को ही अपनी सवारी बनाते हुए एक रोड रोलर ही किराए पर ले लिया.

अब चुनाव प्रचार थमने तक निर्दलीय प्रत्याशी रमेश खत्री इसी रोड रोलर पर चुनाव प्रचार करते हुए सोनीपत शहर की जनता से अपने लिए वोटों की अपील करेंगे. इस छोटे रोड रोलर को उन्होंने ढाई हजार रुपए रोजाना के किराए पर बुक किया हैं और इसको चलाने के लिए एक ड्राइवर भी हायर किया जाएगा.

सबसे पहले करते हैं नामांकन

सोनीपत के गांव गढ़ी ब्राह्मणान के रहने वाले 64 वर्षीय रमेश खत्री BSC, बीएड और वकालत की पढ़ाई कर चुके हैं. वे हर चुनाव में सबसे पहले नामांकन पत्र दाखिल करते हैं. किसी चुनाव में 250 और किसी में हजार- 2 हजार वोट मिलते है और इन्हीं वोटर्स का भरोसा बनाए रखने के लिए वो हर बार चुनावी रण में ताल ठोकते हैं. उनके परिवार के सदस्य भी उनके लिए बखूबी चुनाव प्रचार करते हैं.

रमेश खत्री का राजनीतिक करियर

  • 2014 में सोनीपत लोकसभा से पहला चुनाव लड़ा, 5400 वोट मिली.
  • सोनीपत विधानसभा से पूर्व कैबिनेट मंत्री कविता जैन के सामने चुनाव लड़ा, 250 वोट मिली.
  • 2019 लोकसभा चुनाव में सोनीपत सीट पर रमेश कौशिक के सामने चुनाव लड़ा.
  • 2019 में करनाल विधानसभा से मनोहर लाल खट्टर के खिलाफ चुनाव लड़ा, जिसमें 170 वोट मिले.
  • 2020 में नई दिल्ली विधानसभा सीट से अरविंद केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ा.
  • 2024 में सोनीपत लोकसभा से सतपाल ब्रह्मचारी के सामने चुनाव लड़ा, 1651 वोट मिले.
Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.