गुरुग्राम | हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन करने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. यहां लोगों को सार्वजनिक परिवहन कनेक्टिविटी के रूप में जल्द ही एक सुपरफास्ट विकल्प की सुविधा मिलने जा रही है. बता दें कि सीएम नायब सैनी ने गुरुग्राम- फरीदाबाद- नोएडा नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर के अंतिम अलाइनमेंट को मंजूरी प्रदान कर दी है.

करीब 15 हजार करोड़ रुपए का यह प्रोजेक्ट NCR में सफर करने वालों के लिए वरदान साबित होगा. इससे गुरुग्राम व फरीदाबाद से नोएडा के बीच आवागमन करने वालों को शहर की सड़कों की भीड़-भाड़ से दूर आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा.
40 मिनट में पूरी होगी 2 घंटे की दूरी
वर्तमान में हरियाणा और UP के बीच NCR के शहरों से होते हुए सफर करना किसी चुनौती से कम नहीं है. शहरों की सड़कों पर ट्रैफिक दबाव जाम की भीषण स्थिति उत्पन्न कर रहा है लेकिन नए कॉरिडोर के शुरू होने के बाद तस्वीर पूरी तरह से बदल जाएगी. गुरुग्राम से नोएडा की यात्रा, जो फिलहाल सड़क मार्ग से पूरी करने में लगभग 2 घंटे का समय लगता है, वह सिमटकर महज 40 मिनट की रह जाएगी.
इस परियोजना के धरातल पर उतरने से गुरुग्राम से फरीदाबाद के बीच सफर करने में लगने वाला 1 घंटे का समय घटकर मात्र 20 मिनट रह जाएगा. यहां नमो भारत ट्रेन 180 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से सफर करेगी और यात्रियों को हर 10 मिनट के भीतर ट्रेन की सुविधा मिलेगी, जिससे लोगों के लिए सड़कों पर सफर करने की निर्भरता खत्म होगी. यह परियोजना सड़कों से ट्रैफिक दबाव कम करेगी, जो पर्यावरण संरक्षण के लिए भी फायदेमंद साबित होगा.
ऐसा होगा रूट प्लान
गुरुग्राम रूट साढ़े 14 किलोमीटर का होगा, जिसकी शुरुआत इफको चौक से होगी. यह मिलेनियम सिटी सेंटर, सेक्टर-52 और ग्वाल पहाड़ी जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ेगा.
फरीदाबाद रूट 16 किलोमीटर लंबा होगा, जो सैनिक कॉलोनी, NIT और बाटा चौक जैसे आबादी वाले इलाकों से होकर गुजरेगा और आगे बढ़ते हुए बादशाहपुर के पास तक पहुंचेगा.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कनेक्टिविटी FNG एक्सप्रेसवे के जरिए सेक्टर 141/168 क्षेत्र से जुड़ेंगी और इसका अंतिम स्टेशन सूरजपुर जंक्शन होगा.
ड्युल मॉडल होगा पूरा प्रोजेक्ट
64 किलोमीटर लंबे इस RRTS कॉरिडोर का 52 किलोमीटर लंबा हिस्सा हरियाणा में होगा. खास बात यह होगी कि इसे ड्युल मॉडल यानी RRTS और मेट्रो के संयुक्त सिस्टम के रूप में विकसित किया जाएगा. मतलब एक ही ट्रैक पर हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन और लोकल मेट्रो दोनों का संचालन होगा. इस रूट पर 18 स्टेशन प्रस्तावित है.